नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। फॉर्च्यून इंडिया ने हाल ही में देश के सबसे अमीरों की लिस्ट जारी की थी जिसके जरिए यह जानकारी सामने आई कि कोई बॉलीवुड अभिनेता नहीं बल्कि ये खिलाड़ी देते हैं सबसे ज्यादा टैक्स। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा भरमार क्रिकेटर्स की है। इसमें विराट कोहली, एमएस धोनी और सौरव गांगुली जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि अभिनेता शाहरुख खान इस मामलें में पिछड़ रहे हैं।
विराट हैं सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले खिलाड़ी
इस लिस्ट में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह निकल कर आई है कि सबसे ज्यादा टैक्स देने के मामले में भारतीय खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा है। सबसे ज्यादा टैक्स क्रिकेट के किंग विराट कोहली देते हैं। विराट ने वित्त वर्ष 2024 में तकरीबन 66 करोड़ रुपये का एडवांस टैक्स सरकार को दिया है। रिपोर्ट के आधार पर बताया जाए तो विराट 1018 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। हालांकि इस मामले में धोनी भी पीछे नहीं हैं। धोनी ने बीत चुके 2023 वित्त वर्ष में 38 करोड़ रुपये का टैक्स सरकार को दिया था। नेट वर्थ के मामले में विराट से थोड़ा ही पीछे हैं माही। धोनी की नेट वर्थ लगभग 1000 करोड़ रुपये की बताई जा रही है।
सचिन और दादा भी भरते हैं अच्छा खासा टैक्स
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर 1400 करोड़ के मालिक हैं, उन्होंने 2023-24 वित्त वर्ष में 28 करोड़ रुपये का टैक्स सरकार को चुकाया है। सौरभ गांगुली इस लिस्ट में चौथे नंबर पर क्रिकेट के दादा हैं। उन्होंने 23 करोड़ रुपये का टैक्स सरकार को अदा किया है। इस लिस्ट में अगला नाम हार्दिक पांड्या का है जिन्होंने 13 करोड़ रुपये का टैक्स दिया है। ऋषभ पंत भी इस लिस्ट में मौजूद हैं जिन्होंने 10 करोड़ रुपये टैक्स के तौर पर भरे हैं।





