बुचारेस्ट, 29 जून (आईएएनएस)। दुनिया भर के विभिन्न फुटबॉलरों ने यूरो कप 2020 के अंतिम-16 के मुकाबले में विश्व चैंपियन फ्रांस को हराने पर स्विटजरलैंड की सराहना की है। स्विटजरलैंड ने फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका मुकाबला स्पेन से होगा। शूाटआउट के दौरान फ्रांस के स्ट्राइकर किलियान मबापे गोल करने में नाकाम रहे थे। इंग्लैंड के फुटबॉलर और कमेंटेटर गैरी लिनेकेर ने ट्वीट कर स्विटजरलैंड के गोलकीपर यान सोमेर के बचाव की सराहना करते हुए कहा, क्या मैच था, क्या टूर्नामेंट है और क्या दिन था। उन्होंने कहा, स्विटजरलैंड सनसनीखेज रहा है और पहले मिनट से लेकर आखिरी मिनट तक आक्रमक रहने के लिए बड़े पैमाने पर श्रेय का पात्र है। एक अन्य इंग्लैंड के फुटबॉलर तथा लिवरपुल और रियल मैड्रिड के लिए खेलने वाले माइकल ओवेन ने कहा, फुटबॉल के लिए क्या दिन था। मुझे अपनी भविष्यवाणियों को अब संशोधित करना होगा कि फ्रांस बाहर है। एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर मबापे पर मीम शेयर किए जा रहे हैं तो वहीं पेले ने मबापे का समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, अपना सिर ऊंचा रखें मबापे। कल नई यात्रा का पहला दिन होगा। इस बीच, फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा कि प्रशंसकों को असफल पेनल्टी के लिए मबापे की आलोचना नहीं करनी चाहिए। –आईएएनएस एसकेबी/आरजेएस




