नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय टीम को एशिया कप चैंपियन बने लगभग तीन सप्ताह होने वाले हैं। फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था, जिससे एक बार फिर अपनी क्षेत्रीय बादशाहत साबित की।
एशिया कप फाइनल को तीन सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन विजेता भारतीय टीम को अब तक ट्रॉफी नहीं मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ACC और PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी मैच के बाद ट्रॉफी पाकिस्तान ले गए थे, जो फिलहाल लाहौर स्थित PCB कार्यालय में रखी गई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप 2025 की विजेता ट्रॉफी फिलहाल दुबई स्थित एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) के कार्यालय में रखी गई है। हालांकि, यह ट्रॉफी भारतीय टीम को कब तक सौंपी जाएगी, इस पर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
टीम इंडिया को कब मिलेगी ट्रॉफी?
30 सितंबर को दुबई में हुई एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में फैसला लिया गया कि ट्रॉफी विवाद का हल टेस्ट खेलने वाले पांच एशियाई देशों भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तानके बोर्ड मिलकर निकालेंगे। यह बैठक अगले महीने की शुरुआत में ICC मीटिंग के दौरान हो सकती है।
क्या इस बार भी टल सकता है मामला
सूत्रों के मुताबिक, अगर PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी आगामी ACC बैठक में शामिल नहीं होते हैं, तो ट्रॉफी विवाद और गहरा सकता है। गौरतलब है कि, इसी साल जुलाई में उन्होंने ICC की वार्षिक बैठक में भी भाग नहीं लिया था। ACC से जुड़े कुछ अधिकारियों का मानना है कि नकवी इस बार भी किसी प्रतिनिधि को भेज सकते हैं, जिससे मामला और टल सकता है।
क्या एक्शन लेगा BCCI?
एक की रिपोर्ट के अनुसार, एक BCCI अधिकारी ने कहा है कि, ACC बैठक में अभी कुछ समय है और बोर्ड इस बीच ट्रॉफी विवाद को लेकर अपने अगले कदम पर विचार करेगा। वहीं, हाल ही में ACC चेयरमैन मोहसिन नकवी ने स्पष्ट निर्देश जारी किया था कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी टीम इंडिया या बीसीसीआई को एशिया कप ट्रॉफी नहीं सौंपेगा। ऐसे में विवाद का समाधान अब आगामी बैठक पर निर्भर करता है।




