नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारत की पूर्व स्टार पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के घर आज (1 जुलाई) को किलकारी की गूंज उठी। कांग्रेस नेता विनेश फोगाट के घर खुशियों ने दस्तक दी है। विनेश मां बन गई हैं। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।
इस खुशखबरी के सामने आते ही परिवार, राजनीतिक जगत और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विनेश और उनका बेटा दोनों स्वस्थ हैं, और इस मौके पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। इसके अलावा, परिवार समेत हरियाणा कांग्रेस में जश्न का माहौल है।
कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने दी बधाई
कांग्रेस की सीनियर लीडर और सांसद कुमारी सैलजा ने इस खुशी में विनेश को जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- “जुलाना से कांग्रेस विधायक श्रीमती विनेश फोगाट जी को पुत्र रत्न की प्राप्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि नवजात शिशु परिवार के लिए आनंद और शुभता लेकर आए।” पार्टी नेताओं और समर्थकों की ओर से भी शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
पहलवान सोमवीर राठी से की थी शादी
गौरतलब है कि, भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने 13 दिसंबर 2018 को पहलवान सोमवीर राठी से शादी रचाई थी। यह शादी हरियाणा के चरखी दादरी में पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी, जो विनेश का गृह नगर भी है। शादी के बाद भी विनेश ने अपने रेसलिंग करियर को जारी रखा और कई अंतरराष्ट्रीय मंच में देश का प्रतिनिधित्व किया।
2024 ओलंपिक के बाद लिया संन्यास
हालांकि, 2024 ओलंपिक क्वालीफिकेशन के दौरान उनके वजन में कथित 100 ग्राम की अधिकता के चलते उन्हें अंतिम चरण से बाहर कर दिया गया था। इस अनुभव के बाद उन्होंने कुश्ती को संन्यास लेने का ऐलान किया और अपना नया राजनीति सफर शुरु करने का फैसला लिया। इस दौरान विनेश कांग्रेस से जुड़ते हुए उन्होंने 2024 में जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।





