नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । IPL के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले क्रिस गेल ने एक इंटरव्यू में पंजाब किंग्स को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। क्रिस गेल ने कहा कि टीम के साथ उनके अनुभव इतने कड़वे रहे कि उन्हें एक वक्त पर IPL छोड़ने का विचार आ गया था। उन्होंने खुलासा किया कि टीम के रवैये से वे मानसिक तनाव में आ गए थे और इस बारे में उन्होंने हेड कोच अनिल कुंबले से बात की थी। बातचीत के दौरान वे भावुक होकर रो पड़े। क्रिस गेल का कहना है कि उन्हें टीम में वह सम्मान नहीं मिला जिसकी वे उम्मीद करते थे। क्रिस गेल का ये बयान अब नए सवाल खड़े कर रहा है, खासकर खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ को लेकर।
क्रिस गेल का बड़ा आरोप
क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। क्रिस गेल ने कहा कि जब वे 2018 से 2021 तक इस टीम का हिस्सा थे, तब उनके साथ एक वरिष्ठ खिलाड़ी जैसा व्यवहार नहीं किया गया, बल्कि उन्हें एक बच्चे की तरह ट्रीट किया गया। क्रिस गेल ने कहा कि “ईमानदारी से कहूं तो पंजाब किंग्स के साथ मेरा आईपीएल पहले ही खत्म हो गया था। मेरे साथ दुर्व्यवहार हुआ। पहली बार जिंदगी में लगा कि मैं डिप्रेशन की ओर बढ़ रहा हूं।”
गौरतलब है कि क्रिस गेल को प्रीति जिंटा की टीम पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर 2018 में खरीदा था। 2021 के आईपीएल में बायो-बबल थकान का हवाला देकर उन्होंने टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ दिया था। लेकिन अब यह खुलासा सामने आया है कि उनके भीतर काफी गहरी मानसिक पीड़ा चल रही थी, जिसे उन्होंने उस समय साझा नहीं किया।
अनिल कुंबले से नाराज थे क्रिस गेल, IPL छोड़ते वक्त रो पड़े थे
क्रिस गेल ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति पैसे से भी ज्यादा महत्वपूर्ण थी। उन्होंने टीम छोड़ने का फैसला लेने से पहले अनिल कुंबले से बात की और उस बातचीत के दौरान वे रो भी पड़े थे। क्रिस गेल ने कहा कि मुंबई के खिलाफ आखिरी मैच के बाद लगा कि अब और नहीं रह सकता, टीम में रहकर खुद को नुकसान पहुंचा रहा था। उन्होंने आगे बताया कि कप्तान केएल राहुल ने उन्हें अगले मैच में खेलने के लिए फोन किया था, लेकिन उन्होंने जवाब दिया कि “ऑल द बेस्ट। क्रिस गेल ने बताया कि फिर उन्होंने अपना बैग पैक किया और टीम छोड़ दी। क्रिस गेल ने अपनी निराशा जताई कि कैसे टीम का प्रबंधन चल रहा था और खासकर अनिल कुंबले से उनकी बातचीत के बाद उनका मनोबल टूटा था।
क्रिस गेल का पंजाब किंग्स में प्रदर्शन
क्रिस गेल ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए तीन सीजन तक जबरदस्त प्रदर्शन किया। 2018 में 40 से ज्यादा की औसत से 368 रन बनाए। 2019 में 40 से ऊपर औसत के साथ 490 रन ठोके। 2020 में भी 41 से अधिक की औसत से 288 रन बनाए। लेकिन 2021 में उनका प्रदर्शन गिरा, जहां उन्होंने सिर्फ 21.44 की औसत से 193 रन बनाए और प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया। यही निराशा उनकी टीम छोड़ने की वजह बनी। कुल मिलाकर, गेल ने आईपीएल के 142 मैचों में लगभग 40 की औसत से 4965 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 148 से ऊपर है और उन्होंने 6 शतक भी लगाए हैं।





