नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का रुख लगातार विवादों में घिरता जा रहा है। ताजा मामला उस वक्त सामने आया जब बांग्लादेश ने भारतीय मूल के एक वरिष्ठ ICC अधिकारी को वीजा देने से इनकार कर दिया। इस कदम को क्रिकेट जगत में बेहद असहज और शर्मनाक माना जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और बांग्लादेश के बीच तनाव और बढ़ गया है।
शेड्यूल में बदलाव करना बेहद मुश्किल
दरअसल, बांग्लादेश चाहता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसके भारत में होने वाले ग्रुप मैचों को श्रीलंका शिफ्ट किया जाए। भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट के सह-मेजबान हैं, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने में सीमित समय बचा होने के कारण शेड्यूल में बदलाव करना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।
ICC की कोशिशों में बांग्लादेश ने डाली अड़चन
मामले को सुलझाने के लिए आईसीसी के दो वरिष्ठ अधिकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बातचीत करने ढाका जाने वाले थे। इन अधिकारियों में से एक भारतीय मूल के थे, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उसे वीजा नहीं दिया। नतीजतन, आईसीसी की ओर से केवल एक अधिकारी ही ढाका पहुंच सके।एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट और सिक्योरिटी प्रमुख एंड्रयू एफग्रेव अकेले ढाका पहुंचे। उनके साथ जाने वाले भारतीय मूल के अधिकारी को वीजा देने में जानबूझकर देरी की गई, जबकि मीटिंग पहले से तय थी। इस वजह से आईसीसी प्रतिनिधिमंडल अधूरा रह गया।
सुरक्षा को लेकर BCB को मनाने की कोशिश
आईसीसी अधिकारियों का बांग्लादेश दौरा मुख्य रूप से हालात को शांत करने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए है। एंड्रयू एफग्रेव बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सामने एक विस्तृत सुरक्षा योजना पेश कर सकते हैं, जिसमें बताया जाएगा कि बांग्लादेश टीम को भारत में किस तरह पूरी सुरक्षा दी जाएगी।
भारत में बांग्लादेशी टीम को किसी भी तरह का खतरा नहीं
आईसीसी के मुताबिक, आईसीसी को पूरा विश्वास है कि भारत में बांग्लादेशी टीम को किसी भी तरह का खतरा नहीं है। इसी वजह से आईसीसी अधिकारी सिर्फ बीसीबी ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश के युवा और खेल मंत्रालय के पदाधिकारियों से भी बातचीत करने वाले हैं।
भारत आने से क्यों कतरा रहा है बांग्लादेश?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के चार ग्रुप मैच भारत में निर्धारित हैं। शुरुआती तीन मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं, जबकि अंतिम ग्रुप मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है।
हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवकों की हत्या के विरोध में भारत में विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले थे। इसी दौरान केकेआर और उसके मालिक शाहरुख खान के खिलाफ भी कुछ जगहों पर विरोध हुआ। बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया, जिसे फ्रेंचाइजी ने मान लिया।
बांग्लादेश ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी
इसके बाद बांग्लादेश ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी। यहीं से मामला और बिगड़ गया। बीसीबी ने आईसीसी को सूचित किया कि वह टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने को तैयार नहीं है और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग करने लगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का तय कार्यक्रम
शनिवार, 7 फरवरी – बनाम वेस्टइंडीज (ईडन गार्डन्स, कोलकाता)
सोमवार, 9 फरवरी – बनाम इटली (ईडन गार्डन्स, कोलकाता)
शनिवार, 14 फरवरी – बनाम इंग्लैंड (ईडन गार्डन्स, कोलकाता)
मंगलवार, 17 फरवरी – बनाम नेपाल (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई)




