नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम इस समय एशिया कप 2025 के टी20 फॉर्मेट में अपना दमदार खेल दिखा रही है। वहीं, टीम इंडिया के फैंस अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें टिकी होंगी।
वनडे क्रिकेट फैंस की उत्सुकता के पीछे खास वजह भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं, जिन्होंने अपना पिछला इंटरनेशनल मुकाबला इस साल की शुरुआत में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था। लंबे समय से रोहित के वनडे से रिटायरमेंट की चर्चाएँ चल रही थीं, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर इस अफवाह को सिरे से खत्म कर दिया।
प्रैक्टिस करते दिखे कप्तान रोहित शर्मा
टीम इंडिया अगले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने जा रही है। इसी तैयारी के तहत कप्तान रोहित शर्मा ने नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी प्रैक्टिस शुरू कर दी है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिससे फैंस में जोश और उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
रोहित शर्मा की वापसी तय
रोहित शर्मा ने अपने प्रैक्टिस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “मैं फिर से यहां हूं, यह सच में काफी अच्छा लग रहा है।” भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को खेलेगी। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा के इस सीरीज में खेलना तय माना जा रहा है।
इस सीरीज में खेल सकते हैं रोहित शर्मा
भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया ए टीम दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों के अलावा तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगी। लंबे समय से क्रिकेट से दूरी बनाए रखने वाले कप्तान रोहित शर्मा के इस सीरीज में खेलने की संभावना है, जिससे उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले अपनी तैयारी और फॉर्म परखने का मौका मिलेगा।
बता दें कि, रोहित शर्मा ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। इसके बाद, 7 मई 2025 को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी, जिससे उनके फैंस और क्रिकेट जगत में हलचल मच गई थी।





