नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मिचेल सैंटनर को न्यूजीलैंड की व्हाइट बॉल टीम का कप्तान बना दिया गया है। केन विलियमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद कप्तानी छोड़ दी थी। केन के बाद यह पद खाली था, जिसे आधिकारिक तौर पर अब ब्लैककैप्स ने भर दिया है।
गौरतलब है कि ICC Men’s T20 World Cup 2024 में बेहद खराब प्रदर्शन देने के बाद केन विलियमसन ने व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी से अपना इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसके पहले टेस्ट कप्तानी भी छोड़ दी थी, जहां टिम साउदी के बाद टॉम लैथम को कप्तानी सौंपी गई थी। मिचेल सैंटनर पहले भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं, लेकिन सिर्फ स्टैंड इन कैप्टन के तौर पर उनको मौका दिया गया था।
243 इंटरनेशनल मैचों का अनुभव
आलराउंडर खिलाड़ी मिचेल सैंटनर को 243 इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। वे 24 टी20 इंटरनेशनल और 4 वनडे इंटरनेशनल मैचों के कप्तान भी रह चुके हैं। 32 साल के खिलाड़ी मिचेल दिसंबर के अंत में श्रीलंका के खिलाफ T20 और एकदिवसीय सीरीज में अपना फुल टाइम कप्तानी का कार्यकाल शुरू करेंगे।
“व्हाइट बॉल टीमों का नेतृत्व सम्मान की बात”
सैंटनर ने कहा कि उन्हें फुल टाइम बेसिस पर व्हाइट बॉल टीमों का नेतृत्व करने मिलेगा, जो कि बहुत सम्मान की बात है। उन्होंने आगे कहा कि जब आप युवा होते हैं तो आपका सपना हमेशा न्यूजीलैंड के लिए खेलने का होता है, लेकिन दो प्रारूपों में अपने देश का आधिकारिक तौर पर नेतृत्व करना एक नई चुनौती होगी। मैं सफेद गेंद क्रिकेट के महत्वपूर्ण दौर में शामिल होने के लिए काफी उत्साहित हूं।”
सैंटनर ही कप्तानी के लिए क्यों चुने गए ?
हेड कोच गैरी स्टीड ने सैंटनर को कप्तानी सौंपने को लेकर कहा कि टॉम लाथम पर टेस्ट कप्तानी का बोझ पहले से ही ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास एक कुशल और अनुभवी कप्तान है, जिसने सभी तीनों प्रारूपों में टीम का नेतृत्व अच्छे से किया है। टॉम अक्टूबर में कार्यभार संभालने के बाद से अच्छा काम कर रहे हैं। अब हम उन्हें ऐसा काम करने की अनुमति दे रहे हैं, जिसमें समय और ऊर्जा दोनो ज्यादा लगती है।’





