नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच आज से बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में शुरू होने वाला है। मौजूदा सीरीज में भारत 0-1 से पीछे चल रहा है और शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम मैच से एक दिन पहले अभ्यास में जुटी थी। मंगलवार को अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब स्टेडियम के पास एक संदिग्ध पैकेज मिलने की खबर आई। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और भारतीय टीम को अभ्यास बीच में छोड़कर होटल लौटने के निर्देश दिए गए। खिलाड़ियों को बताया गया कि वे होटल से बाहर न निकलें। साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दरअसल, मंगलवार को बर्मिंघम के सेंटेनरी स्क्वायर इलाके में एक संदिग्ध पैकेज मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने भारतीय क्रिकेट टीम के होटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल कड़ा कर दिया। उसी दिन भारतीय टीम का वैकल्पिक (ऑप्शनल) अभ्यास सत्र निर्धारित था, जिसमें कप्तान शुभमन गिल सहित कुल आठ खिलाड़ी शामिल हुए थे। घटना के बाद बर्मिंघम सिटी सेंटर पुलिस ने एहतियातन टीम इंडिया के सभी सदस्यों को होटल से बाहर न निकलने का निर्देश दिया।
इंग्लैंड दौरे के दौरान भारतीय खिलाड़ी आमतौर पर होटल के आसपास के इलाकों में घूमते नजर आए हैं। लीड्स में भी कई खिलाड़ी टहलते हुए दिखे थे और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी साझा की थीं। लेकिन बर्मिंघम में हालात अचानक बदल गए। सिटी सेंटर के सेंटेनरी स्क्वायर इलाके में संदिग्ध पैकेज मिलने के बाद बर्मिंघम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। टीम इंडिया को तत्काल होटल के भीतर ही रहने को कहा गया और उनकी सभी बाहरी गतिविधियां स्थगित कर दी गईं।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
बर्मिंघम सिटी सेंटर पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “हमने सेंटेनरी स्क्वायर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दोपहर करीब 3 बजे एक संदिग्ध पैकेज की सूचना मिली, जिसके बाद एहतियातन कई इमारतें खाली कराई गई हैं। फिलहाल जांच जारी है और अनुरोध है कि इस क्षेत्र से दूर रहें।”
IND vs ENG टेस्ट मैच पर कोई खतरा नहीं
एक रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि बर्मिंघम पुलिस ने संदिग्ध पैकेज की जांच के बाद हालात को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच पर किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। सुरक्षा केवल एहतियातन बढ़ाई गई है ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




