नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। कांग्रेसी नेता व लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कश्मीरी महिलाओं से बातचीत की और शिक्षा, रोजगार, राजनीति और शादी जैसे कई विषयों पर चर्चा की। सोमवार को राहुल गांधी ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें वह जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में युवा महिलाओं से बात करते नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी ने शादी पर चर्चा करते हुए क्या कहा?
वीडियो में राहुल गांधी ने कश्मीरी युवाओं से पूछा, “आप शादी के दबाव के बारे में क्या सोचते हैं?” एक छात्रा ने उनसे पूछा, “सर, आप शादी के बारे में क्या सोचते हैं?” अपनी सफेद टी-शर्ट और पैंट में मुस्कुराते हुए राहुल गांधी ने जवाब दिया, “मैं 20-30 सालों से इस दबाव से बाहर निकल चुका हूँ।” उन्होंने आगे कहा, “लेकिन यह एक अच्छी चीज़ भी है।” एक अन्य छात्रा ने पूछा, “सर, क्या आप शादी करने की योजना बना रहे हैं?” इस पर उन्होंने कहा, “हाँ, हाँ। मेरा मतलब है, मैं इसकी कोई योजना नहीं बना रहा हूँ, लेकिन अगर ऐसा होता है, तो…,” उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया। एक छात्रा ने हंसते हुए कहा, “कृपया शादी करें और हमें भी आमंत्रित करें।” इस पर राहुल गांधी ने वादा किया, “मैं जरूर करूंगा।”
राहुल गांधी से एक छात्रा ने शादी को लेकर अपना चिंता जताई
वीडियो में आगे एक छात्रा ने शादी को लेकर अपनी चिंताओं के बारे में बात की। उसने कहा, “मैं सिर्फ 21 साल की हूँ और अभी अपनी ज़िंदगी जी रही हूँ, मैं शादी के बारे में सोचकर डरती हूँ।” एक और छात्र ने कहा, “जब मैं पिछली बार कोर्ट डायरी के लिए कोर्ट गया था, तो मैंने देखा कि कश्मीर में तलाक की दर बहुत तेजी से बढ़ रही है। इसलिए शायद शादी न करना ही बेहतर है।”
राहुल गांधी की इस वीडियों को काफी पसंद किया जा रहा है
राहुल गांधी के इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 4 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया और इस पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने कहा, “ऐसे वीडियो बहुत जानकारीपूर्ण होते हैं। राहुल गांधी को अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ इस तरह की बातचीत करनी चाहिए।” एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “कश्मीर में तलाक की दर बढ़ने पर छात्रा की बात बहुत गंभीर है।” वहीं, एक और यूजर ने लिखा, राहुल गांधी बहुत सच्चे इंसान हैं। देखिए, वह कितनी आत्मीयता से बातचीत कर रहे हैं। मैंने कभी किसी नेता को अपनी जनता से इतनी अच्छी तरह जुड़ते नहीं देखा।
वैसे तो राहुल गांधी आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते है। वो खुद भी कई वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। राहुल गांधी कभी कहीं न कहीं अचानक लोगों के बीच में जाकर उनकी परेशानियों पर बातचीत करते हैं। मगर इस बार वो शादी के मामले के लेकर काफी चर्चे में हैं।





