नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अमेरिका के वाशिंगटन में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मंगलवार (1 जुलाई ) को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में कई घोषणाएं और अहम पहलों पर चर्चा की गई। इस दौरान क्वाड ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की सख्त निंदा की। इस घटना के दोषियों की सजा की मांग की।
क्वाड देशों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दोषियों, उनके योजनाकारों और वित्तपोषकों को बगैर किसी देरी के न्याय के कठघरे में लाए जाने की मांग भी की। बता दें कि, इस आतंकी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक समेत कुल 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमले का जवाब दिया था।
सीमापार आतंकवाद पर सख्त
बैठक के दौरान, क्वाड देशों ने सीमा पार आतंकवाद को लेकर कड़ी निंदा करते हुए सख्त रुख अपनाया है। क्वाड ने क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और आपदा प्रतिक्रिया को लेकर नए कदमों की घोषणा की है। क्वाड ने कहा कि वह आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी स्वरूपों के विशेष रूप से सीमा पार आतंकवाद की स्पष्ट रूप से निंदा करता है और आतंकवाद विरोधी सहयोग को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।
क्वाड देशों ने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए उस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें निहत्थों के मारे जाने वाली परिजनों की प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। और घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
अपराधियों को बिना शर्त पर मिले सजा
क्वाड का कहना है कि, “हम इस घृणित कृत्य के अपराधियों, योजनाकारों और वित्तपोषकों को को बिना किसी शर्त के न्याय के कटघरे में लाने की मांग करते हैं, और सभी संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों से अपील है कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून और प्रासंगिक यूएन सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुरूप सभी संबंधित प्राधिकरणों के साथ सक्रिय सहयोग करें।
क्वाड ने किए कई अन्य बड़े ऐलान
इस बैठक के दौरान ,क्वाड ने कई अन्य नई पहलों की घोषणा की है। इसमें इंडो-पैसिफिक में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए क्वाड ने संकल्प लिया है। क्वाड ने कहा कि इन चुनौतियों के मद्देनज़र, हम आज कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य समुद्री और सीमा पार सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, उभरती प्रौद्योगिकियों और आपदा प्रतिक्रिया को सशक्त बनाना है।
लोकतंत्र, सहयोग और भविष्य की दिशा
क्वाड देशों- भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया- की लोकतांत्रिक सरकारें, स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी इंडो-पैसिफिक के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और गहरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। क्वाड ने कहा कि हमारा उद्देश्य 21वीं सदी की प्रमुख चुनौतियों और अवसरों से प्रभावी ढंग से निपटना है। हम भारत द्वारा इस वर्ष आयोजित किए जा रहे अगले क्वाड लीडर्स समिट और 2026 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।




