नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपना देश छोड़े दो दिन बीत चुके हैं। दो दिन से वो इस कोशिश में थीं कि उन्हें ब्रिटेन या अमेरिका में शरण मिल जाए। लेकिन दोनों देशों से उन्हें निराशा हाथ लगी है। अब खबर है कि शेख हसीना सउदी अरब या फिर UAE में शरण मांग सकती हैं।
बांग्लादेश छोड़कर शेख हसीना भारत आई हैं। हालांकि, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये जानकारी टॉप सीक्रेट रखी गई है कि वो भारत में कहां हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी थी कि शेख हसीना ने कुछ वक्त के लिए भारत में रहने की परमिशन मांगी थी, जिसे अर्जेंसी को देखते हुए स्वीकार कर लिया गया था।
कहां-कहां जा सकती हैं शेख हसीना?
शेख हसीना के बेटे वाजेद जॉय का कहना है कि उनकी मां ने अभी तक किसी भी देश में शरण नहीं मांगी है, वो उन जगहों पर विचार कर रही हैं जहां उनके परिवार के लोग रहते हैं। जॉय ने बताया कि वो वॉशिंगटन में रहते हैं, उनकी एक आंटी लंदन में रहती हैं और उनकी बहन दिल्ली में रहती हैं। बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि शेख हसीना लंदन जाने का प्लान कर रही हैं। हालांकि ब्रिटेन की तरफ से ये साफ कहा गया है कि बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ है उसकी UN द्वारा जांच की ज़रूरत है।
शेख हसीना को क्यों छोड़ना पड़ा अपना देश?
बांग्लादेश में जुलाई की शुरुआत से ही छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। छात्र स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को दिया जाने वाला आरक्षण बंद करने की मांग कर रहे थे। इस बीच वहां की सुप्रीम कोर्ट ने कई आरक्षणों को रद्द करने का फैसला भी दिया था। लेकिन इसके बाद शेख हसीना ने प्रदर्शनकारी छात्रों की तुलना देशद्रोहियों से कर दी, उनके खिलाफ पुलिस को सख्त कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए, इससे प्रदर्शन हिंसक होने लगे। छात्र शेख हसीना से इस्तीफे की मांग करने लगे। 4 अगस्त को हिंसक प्रदर्शनों में 100 लोगों की मौत हो गई। 5 अगस्त को प्रदर्शनकारी पीएम आवास की ओर कूच करने लगे, बेहद शॉर्ट नोटिस में शेख हसीना ने इस्तीफा दिया और वो देश छोड़कर भारत आ गईं। उनके देश छोड़ने के बाद प्रदर्शनकारी पीएम आवास में घुसे और उन्होंने वहां जमकर तोड़फोड़ की और लूटपाट भी की।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in





