नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, हरियाणा में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस ने पहलवान आंदोलन का चेहरा रहे विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को अपने पाले में कर लिया है। जिसकी वजह से हरियाणा में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है। कांग्रेस में जाने से पहले बजरंग और विनेश ने रेलवे से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद रेलवे ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था। अब रेलवे ने दोनों पहलवानों को बड़ी राहत देते हुए उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
कहां आ रही थी समस्या?
दरअसल चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, जबतक विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का इस्तीफा रेलवे स्वीकार नहीं कर लेता और उन्हें NOC नहीं देता, तबतक वो चुनाव नहीं लड़ सकती थीं। इस मामले में उत्तर रेलवे ने कहा कि कारण बताओ नोटिस उनकी सेवा नियमावली का हिस्सा है, क्योंकि रेलवे के रिकॉर्ड में वो इस समय भी सरकारी कर्मचारी ही हैं। हालांकि अब उन दोनों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।
BJP पर बजरंग-विनेश ने बोला था हमला
कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने BJP पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि भाजपा बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन कर रही थी, जबकि कांग्रेस ने दिल्ली में उनके विरोध प्रदर्शन के दौरान विरोध कर रहे पहलवानों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का शुक्रिया अदा करती हूं, कठिन समय आपको बताता है कि आपके साथ कौन है। जब हमें सड़कों पर घसीटा गया तब हमारे साथ BJP को छोड़कर सभी दल हमारे साथ खड़े थे। विनेश फोगाट ने आगे कहा कि मैं चाहती हूं कि खिलाड़ियों को वह सब न सहना पड़े, जिससे हमें गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा था कि हम ना डरेंगे और ना पीछे हटेंगे।
पूर्व BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह ने लगाया था आरोप
भारत के स्टार रेसलर रहे बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। BJP के नेता उनपर लगातार हमले कर रहे हैं। पूर्व BJP सांसद बृजभूषण ने अपने ताजा बयान में विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया पर हमला बोलते हुए कहा कि- कांग्रेस में शामिल होने के बाद इन दोनों रेसलर्स का असली चेहरा सामने आ गया। कांग्रेस पार्टी ने इनका इस्तेमाल करके मेरी और प्रधानमंत्री मोदी की छवि खराब करने की कोशिश की है। इस षड्यंत्र के पीछे राहुल और प्रियंका गांधी हैं जिन्होंने दीपेंद्र हुड्डा को मोहरे की तरह इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने बेटियों का इस्तेमाल राजनीति के लिए किया है।





