नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के एक बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 2001 में संसद में हुए हमले के दोषी अफजल गुरु को लेकर यह बयान दिया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने उमर अब्दुल्ला के बयान की कड़ी आलोचन की है, उन्होंने इसको गैर-जिम्मेदाराना और देश विरोधी बताया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि उमर जम्मू कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ऐसे बयान दे रहे हैं।
यह बयान गैर-जिम्मेदाराना और राष्ट्र-विरोधी है
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि अफजल गुरु को फांसी की सजा कानून के तहत दी गयी थी। यह मामला निचली अदालत से होते हुए देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट तक गया था। अफजल गुरु के मामले की समीक्षा भी की गई लेकिन वह देश विरोधी और आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त पाया गया। उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए ऐसा कह रहे हैं कि अफजल गुरु को फांसी देने का फैसला गलत था। आखिर उमर अब्दुल्लाह चाहते क्या हैं? भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उमर अब्दुल्ला के बयान की निंदा करता हूं। उनका यह बयान गैर-जिम्मेदाराना और राष्ट्र-विरोधी है। इससे साफ पता चलता है कि उमर अब्दुल्लाहाल और उनका परिवार आतंकवादियों के प्रति नरम रवैया रखता है। क्या आप लोग चुनाव जीतने के लिए भारत को तोड़ने की कोशिश करेंगे? अच्छा हुआ उनका असली चेहरा सबके सामने आ गया है।
हम लोग ऐसा नहीं करने देते
बता दें कि उमर अब्दुल्ला ने हाल में ही मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें नहीं लगता है कि अफजल गुरु को फांसी देने से कोई उद्देश्य पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि बहुत ही बद-किस्मती की बात यह थी कि जम्मू-कश्मीर सरकार का अफजल गुरु की फांसी से किसी प्रकार का कोई लेना देना नहीं था, नहीं तो राज्य सरकार की अनुमति से ऐसा करना पड़ता, जिसको मै साफ शब्दों में बता देता हूं कि अनुमति बिल्कुल नहीं मिलती। हम लोग ऐसा नहीं करने देते। मुझे ऐसा नहीं लगता है कि अफजल गुरु को फांसी की सजा देकर कोई उद्देश्य पूरा हुआ हो।




