नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। कोलकाता रेप-मर्डर केस पर ममता बनर्जी और उनकी पार्टी TMC चारों तरफ से घिरी हुई है। राजनीतिक दलों से लेकर आम लोगों तक TMC पर निशाना साध रहे हैं। खुद पर और पार्टी पर लगातार उठते सवालों के बीच आज ममता बनर्जी ने बंगाल विधानसभा के स्पेशल सेशन में Anti-Rape bill पेश किया है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही अपराध की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए बंगाल विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का आज आखिरी दिन है। इस बिल में रेप के आरोपियों को 10 दिन के अंदर फांसी की सजा देने की बात कही गई है।
क्या-क्या है बिल में?
बिल का नाम अपराजिता महिला एवं बाल ( पश्चिम बंगाल आपराधिक कानून संशोधन) Bill 2024 है। इस बिल में रेप के आरोपियों के लिए 10 दिनों में फांसी का प्रावधान (Provision) है। इसके साथ ही बिल में शुरुआती जांच रिपोर्ट 21 दिनों के भीतर पेश करने और जिला स्तर पर टास्क फोर्स गठित करने और तय किए गए वक्त में सुनवाई पूरी करने का प्रावधान है।
बिल जल्दबाजी में लेकर आया गया हैः शुभेंदु अधिकारी
बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि TMC ये बिल जल्दबाजी में लेकर आई है, लेकिन हम भी चाहते हैं कि यह बिल जल्द से जल्द लागू किया जाए। हम नतीजे चाहते हैं। हम इसका पूरा समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बिल को पेश करने के लिए प्रक्रिया का पालन किया गया है या नहीं और वो इसपर सवाल नहीं उठाना चाहते हैं। वो इसपर वोटिंग भी नहीं चाहते हैं। आगे उनका कहना है कि वो मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनेंगे लेकिन इस बिल को लागू करने की गारंटी चाहते हैं। इस बिल में कुछ नया नहीं है।
TMC विधायक अरुंधति मैत्रा पर भड़के डॉक्टर्स
कोलकाता में डॉक्टरों के साथ रेप और मर्डर के मामले को लेकर देशभर के डॉक्टर्स में गुस्सा है और प्रर्दशन जारी है। इसी बीच ममता बनर्जी की पार्टी TMC की विधायक अरुंधति मैत्रा ने डॉक्टर्स के प्रर्दशन पर बयान दिया है कि डॉक्टर्स दिन पर दिन कसाई बनते जा रहे हैं। वो आंदोलन के नाम पर आखिर क्या कर रहे हैं? गरीब से गरीब लोग जो ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, उनके पास प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने के पैसे नहीं होते हैं। ऐसे लोग अस्पतालों में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। इन्हें कोई इलाज नहीं मिल रहा है। ये मानवीय है? ये इंसान हैं? डॉक्टर्स कसाई में तबदील हो रहे हैं।
बैकफुट पर आईं TMC विधायक
TMC की विधायक अरुंधति मैत्रा के इस बयान पर डॉक्टर्स भड़के हुए हैं। डॉक्टर्स का उनके बयान पर कहना है कि मरीजों को वापस नहीं भेजा जा रहा है, सीनियर डॉक्टर्स मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इस तरह का बयान देना गलत है। अरुंधति मैत्रा के बयान के बाद विवाद बढ़ चुका है। जिसके बाद अरुंधति ने कहा है कि डॉक्टर्स हमारे लिए भगवान हैं, डॉक्टर्स अभी भी प्रर्दशन कर रहे हैं जिससे अस्पतालों में लोगों को इलाज में दिक्कत आ रही है। हमारी मुख्यमंत्री बार-बार उन्हें आश्वासन दे रही हैं कि अपने काम को बेहतर तरीके से करें और सरकार उनकी मांगों पर ध्यान दे रही है।
BJP कर रही है ममता बनर्जी का समर्थन
पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी पार्टी BJP, विधानसभा में इस बिल का समर्थन भी कर रही है। BJP का कहना है कि पार्टी बलात्कार के खिलाफ इस बिल को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार का समर्थन करेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने रविवार को कहा था कि BJP के MLA रेप के खिलाफ ममता सरकार के लाए गए विधेयक (Bill) का समर्थन करेगी। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने यह भी कहा था कि वो ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा के अंदर भी विरोध प्रर्दशन करेंगे।





