नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया। तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज आश्रम में मूर्ति स्थापना दिवस और भंडारे में शामिल होते हुए उन्होंने कहा कि अगर सनातन कमजोर हुआ तो देश भी कमजोर हो जाएगा।
समाज को बांटने वालों से किया आगाह
सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, सीएम योगी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि समाज को बांटने की कोशिश करने वालों से सावधान रहना चाहिए। उनका कहना था कि देश मजबूत रहेगा तो ही सनातन संस्कृति सुरक्षित रह पाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई संगठन इस विषय पर चुप हैं और कुछ धर्माचार्यों व हिंदू संगठनों को छोड़ दें तो बहुत कम लोग उनकी आवाज उठा रहे हैं।
सनातन संस्कृति की ताकत पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ खत्म हो गईं, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी मजबूती से खड़ी है और वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि सनातन को तोड़ने की कोशिशें पहले भी हुईं, लेकिन हर संकट में इस संस्कृति ने लोगों को शरण दी।
भारत के भविष्य पर भी बोले मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि देश की इस यात्रा में सभी मिलकर काम करें ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर हो सके। मुख्यमंत्री ने चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल को भारत का स्वर्ण युग बताते हुए कहा कि उस समय भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति था। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश में विभाजन बढ़ा, वैसे-वैसे आक्रमण और लूटपाट भी बढ़ी। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत की तेज प्रगति हुई है और देश अमेरिका व चीन के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की इस तरक्की का कारण अपने मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को फिर से पहचानना है।




