नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ त्रिपुरा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि “अब सिर्फ मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र भी जरूरी है” इस दौरान योगी ने पाकिस्तान पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक नासूर है और जबतक इसका ऑपरेशन नहीं किया जाएगा तबतक इस कैंसर की समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी
अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने भगवान कृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि “जब भगवान कृष्ण की छवि हमारे मन में आती है तो भगवान कृष्ण के एक हाथ में मुरली तो दूसरे हाथ में सुदर्शन भी होता है। केवल मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र भी जरूरी है।” उन्होंने कहा कि सुदर्शन जब आपके सामने होगा तो फिर किसी श्री श्री शांतिकाली महाराज को अपना बलिदान नहीं देना पड़ेगा।
कांग्रेस की सत्ता लोलुपता के चलते हुआ भारत का विभाजन
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि 1947 से पहले वो कौन लोग थे जो भारत के विभाजन के पक्षधर थे और मुस्लिम लीग की मशां और कांग्रेस की सत्ता लोलुपता के चक्कर में भारत के दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन का जिम्मेदार बने। उन्होंने कहा कि लोगों को इसके बारे में सही जानकारी देने की आवश्यकता है।
पाकिस्तान कैंसर के समान है और उसका ऑपरेशन जरूरी है
उन्होंने आगे कहा कि अगर उस समय का कांग्रेस नेतृत्व और जोगिंदर नाथ मंडल मिलकर मुस्लिम लीग की मंशा पर पानी फेर देते तो कभी भी पाकिस्तान जैसा नासूर नहीं बनता। पाकिस्तान एक नासूर है और जबतक इसका ऑपरेशन नहीं होगा। तबतक इस कैंसर की समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
POK में पाकिस्तान विरोधी मांगों को लेकर कही ये बात
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने POK में होने वाले बार-बार पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शनों को भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि POK में पाकिस्तान से अलग होकर भारत में विलय की मांग शुरू हो गई है। बलूचिस्तान में पाकिस्तान से अलग होने की मांग की जा रही है। जबतक पाकिस्तान इस धरती पर मानवता के लिए कैंसर बना रहेगा। उसका इलाज दुनिया को करना होगा। इससे सबसे ज्यादा सतर्क भारत को होना है।





