नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । 10वीं और 12वीं कक्षा की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक अहम जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने इन परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। इस संबंध में बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोटिस भी प्रकाशित किया गया है।
769bfacb787a70584a625fb3e432336f-ok (4).jpg
जारी नोटिस के मुताबिक, अब यूपी में 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा 26 जुलाई 2025 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा की तारीख 19 जुलाई 2025 तय की गई थी। अब सवाल उठता है कि परीक्षा किस समय पर होगी। इस संबंध में नीचे बिंदुवार विवरण दिया गया है ताकि छात्र सही समय पर परीक्षा के लिए तैयार हो सकें।
हाईस्कूल कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट परीक्षा 26 जुलाई 2025 को पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट परीक्षा उसी दिन दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक कराई जाएगी।
आधिकारिक नोटिस में क्या कहा गया ?
नोटिस में यह उल्लेख किया गया है कि 23 जुलाई 2025 को श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर जलाभिषेक और कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न जनपदों में भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में कई जिलों से यह अनुरोध किया गया कि वर्ष 2025 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षाएं किसी अन्य तिथि पर आयोजित की जाएं। नोटिस में आगे कहा गया है कि “स्थिति की गंभीरता और परीक्षार्थियों के परीक्षा से वंचित रहने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, परिषद द्वारा पहले निर्धारित परीक्षा तिथि 19 जुलाई 2025 (शनिवार) को संशोधित किया गया है। अब यह परीक्षा 26 जुलाई 2025 (शनिवार) को आयोजित की जाएगी।”
परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश (गाइडलाइंस)
– परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों, केंद्र व्यवस्थापकों, अध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को छोड़कर अन्य किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
– केंद्रीय व्यवस्थापक यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की अनावश्यक भीड़ न लगे। इसी प्रकार, परीक्षा समाप्त होने के बाद भी बाहर निकलते समय भीड़ न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाएगी।
– परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को ले जाना सख्त प्रतिबंधित है।
– परीक्षा के दौरान सभी कक्षों में वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे और राउटर आदि पूरी तरह सक्रिय रहेंगे।




