श्रीनगर, 7 मार्च (आईएएनएस)। पुलिस ने सेना और सीआरपीएफ के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर के गांदरबल से प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक सक्रिय आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि शुहामा नागबल के पास चेकिंग के दौरान, संयुक्त दल ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जिसने संयुक्त नाका दल को देखकर वारपो मार्ग की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने कहा, लेकिन मौके से भागने की उनकी कोशिश को संयुक्त नाका पार्टी ने नाकाम कर दिया और चतुराई से पकड़ लिया गया। उसकी पहचान कीगाम शोपियां निवासी मोहम्मद अल्ताफ वानी के रूप में हुई है। उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। –आईएएनएस एसजीके




