नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दांदरपुर गांव में गुरुवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब एक कथावाचक से जुड़ी पुरानी घटना के विरोध में जुटे लोगों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। भीड़ को गांव में प्रवेश से रोके जाने पर पथराव की घटना हुई, जिसके जवाब में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार, अब तक 19 लोगों को गिरफ्ताकृर किया गया है और 13 वाहनों को सीज कर दिया गया है। गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स को तैनात किया गया है। पुलिस उन लोगों की पहचान और तलाश कर रही है जो पथराव और हिंसा में शामिल थे, जिनमें से कुछ की तस्वीरें वीडियो फुटेज में दर्ज हुई हैं।
दरअसल, यह विवाद 26 जून को उस समय शुरू हुआ जब कथावाचक मुकुट मणि यादव और उनके सहयोगी संत कुमार यादव के साथ मारपीट की गई थी। कथित तौर पर संत यादव की चोटी भी काट दी गई थी। इस मामले में ब्राह्मण समुदाय के कुछ लोगों पर आरोप लगा और पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। वहीं, कथावाचक और उनके सहयोगी के खिलाफ भी फर्जी दस्तावेज़ और धोखाधड़ी से जुड़े आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी शिकायत गांव निवासी जय प्रकाश तिवारी ने की थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया।
गुरुवार को कथित रूप से ‘अहीर रेजीमेंट’ और ‘यादव महासभा’ से जुड़े लोग गांव में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोका और तनाव उत्पन्न हो गया। पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पथराव किया और उपद्रव फैलाने का प्रयास किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और कानून व्यवस्था को किसी भी हाल में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट और अफवाहें फैलाने से बचें। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




