नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। यूपी की सियासत में इस समय जो एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वह है शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेशवारनंद सरस्वती। इन दिनों स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद लखनऊ प्रवास पर हैं। आज गुरुवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से मुलाकात की जिसके बाद वह इशारो इशारों में सरकार पर हमलावर दिखे। उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि अब नकली संतो का अंत होगा। इस मुलाकात में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व सांसद अनु टंडन भी मौजूद रहीं।
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसा
शंकराचार्य से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए नजर आए। उन्होंने सीएम योगी पर हमलावर होते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में सरकार ठीक से नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय गायों की सेवा और संरक्षण को लेकर कई फैसले लिए गए थे और भविष्य में भी उनकी पार्टी इस दिशा में काम करती रहेगी।
LPG की किल्लत पर केंद्र और राज्य सरकार पर फोड़ा ठीकरा
LPG की किल्लत पर भी अखिलेश यादव हमलावर दिखे। उन्होंने एलपीजी की कमी का ठीकरा केंद्र और राज्य सरकार पर फोड़ दिया। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों की वजह से लोगों को फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ सकती है। बात दें कि संसद में भी आज इस मुद्दे की गूंज सुनाई दी जिसपर हरदीप पुरी ने सरकार की ओर से अपना पक्ष सामने रखा। उन्होंने बताया कि LPG की सप्लाई कार्गों के जरिए लगातार हो रही है।
इसके अलावा उन्होंने जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुई फायरिंग को लेकर भी चिंता जताई। अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए।




