नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में खराब प्रदर्शन करने के बाद अब शिरोमणि अकाली दल में भी बगावत के सुर उठ रहे हैं। अकाली दल के कई नेताओं ने पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर बादल से इस्तीफे की मांग की है। नेताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव में पंजाब में पार्टी की हार पर सुखबीर बादल को अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिये। इन नेताओं ने जालंधर में बैठककर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि अगले महीने से वो शिरोमणि अकाली दल बचाओ आंदोलन शुरू करेंगे।
जालंधर में बैठक कर बागी नेताओं ने रखी बात
बता दें कि ये बागी नेता जालंधर में जब बैठक कर रहे थे। उसी समय चंडीगढ़ में सुखबीर बादल पार्टी के अन्य नेताओं के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने बागी नेताओं को भाजपा के द्वारा प्रयोजित हताश तत्व बताया है। सुखबीर बाल ने कहा कि वो इसे सफल नहीं होने देंगे।
बागी नेता करेंगे अकाली दल बचाओ आंदोलन
वहीं पार्टी के बागी नेता व पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने बताया कि उन्होंने पार्टी की पिछली गलतियों और कमियों पर चर्चा की। बैठक में एक जुलाई को अकालतख्त पर पिछली गलतियों और कमियों के लिए माफी मांगने पर फैसला किया गया है। उसी दिन से शिरोमणि अकाली दल बचाओ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में पंजाब में अकाली दल ने 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ी, लेकिन उसे सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली। जबकि 2 सीटों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज की। सुखबीर की पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने बठिंडा सीट जीती थी। वहीं 10 सीटों पर अकाली दल के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। इसके साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत 27.45 था। वहीं इसबार वोट प्रतिशत घटकर 13.42 प्रतिशत रह गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





