नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज 11 अक्टूबर को जयप्रकाश नारायण की जयंती है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 10 अक्टूबर 2024 की रात को ही लखनऊ में जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) पहुंच गए थे। लेकिन वहां टीन शेड लगा हुआ था, जिसके कारण वह जयप्रकाश नारायण की मूर्ति के पास तक नहीं पहुंच पाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण करना चाहते थे। लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाए, जिसके बाद उन्होंने योगी सारकार पर आरोप लगाते हुए निशाना साधना शुरू कर दिया। अखिलेश यादव आज फिर से सुबह 10 बजे जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर जाएंगे। लेकिन ताजा खबरों के अनुसार अखिलेश यादव का वहां पहुंचना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि रास्ते में पुलिस ने भारी बैरिकैडिंग कर दी है।
यूपी सरकार टीन का शेड लगाकर कुछ छिपा रही है
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उन्हें जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण नहीं करने दे रहे हैं। इसके बाद अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी सरकार टीन का शेड लगाकर कुछ छिपा रही है और हो सकता है कि वे इसे बेचने की तैयारी कर रही हो। जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर के गेट पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है, जिससे हम गेट तक पहुंच न पाए। इसी दौरान अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर के गेट पर अपनी पार्टी का एक पोस्टर भी लगवा दिया, जिसमे लिखा गया जय प्रकाश नारायण को शत शत नमन।
भाजपा ने जो रास्ता बंद किया है, वो उनकी बंद सोच का प्रतीक है
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “ये है भाजपा राज में आज़ादी का दिखावटी अमृतकाल। श्रद्धांजलि न दे पाए जनता इसलिए उठा दी गयी दीवार। भाजपा ने जो रास्ता बंद किया है, वो उनकी बंद सोच का प्रतीक है। भाजपा जय प्रकाश नारायण जी जैसे हर उस स्वतंत्रता सेनानी के लिए अपने मन में दुर्भावना और दुराव रखती है, जिसने भी देश की आज़ादी में भाग लिया था। ये देश की आज़ादी में भाग न लेने वाले भाजपाइयों के संगी-साथियों के अंदर का अपराध बोध है, जो उन्हें क्रांतिकारियों की जयंती तक पर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित नहीं करने देता है।”





