नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास को सील कर दिया गया है। खबर है कि आवास के हैंडओवर में हुई गड़बड़ी के चलते PWD ने ये ऐक्शन लिया है। बताया जा रहा है कि घर को सील करने से पहले CM आतिशी का सारा सामान सीएम हाउस से बाहर निकाल दिया गया है। आपको बता दें कि आतिशी एक दिन पहले ही सीएम हाउस में शिफ्ट हुई थीं।
LG के आदेश पर कार्यवाई- AAP
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, सिविल लाइंस के 6-फ्लैग स्टॉफ रोड स्थित सीएम आवास में PWD की टीम पहुंची थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से आरोप लगाया गया है कि LG के आदेश पर इस टीम ने आतिशी का सामान घर से बाहर निकाला और फिर घर को सील कर दिया।
वहीं आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, हैंडओवर ठीक से नहीं होने का कारण देते हुए PWD के दो सेक्शन ऑफिसर्स और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के पूर्व स्पेशल सेक्रेटरी को नोटिस भी जारी किया गया है।
CMO का बयान
दिल्ली में सीएम आवास को सील कर दिया गया है जिसपर अब सियासत होने की संभावना बढ़ गई है। इस घटना पर CMO की ओर से बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि देश के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंत्री आवास खाली कराया गया है। सीएमओ के बयान में कहा गया- LG ने बीजेपी के इशारे पर जबदस्ती सीएम आतिशी का सामान सीएम आवास से निकाल दिया। CMO ने कहा, ‘एलजी की तरफ से भाजपा के किसी बड़े नेता को सीएम आवास आवंटित करने की तैयारी चल रही है। पिछले 27 साल से दिल्ली में वनवास काट रही भाजपा अब सीएम आवास पर कब्जा करना चाह रही है।’





