नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बांग्लादेश को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के बयान पर बवाल मचा हुआ है। BJP ने राकेश टिकैत पर NSA लगाने की मांग की है। दरअसल राकेश टिकैत ने एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान किसान आंदोलन के समय की घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर उस दिन किसान ट्रैक्टर लेकर लालकिले की जगह पार्लियामेंट चले गए होते तो भारत का भी बांग्लादेश जैसा हाल हो जाता। उनके इस बयान के बाद बीजेपी हमलावर हो गई है। गाजियाबाद की लोनी सीट से विधायक नंद किशोर गुर्जर ने तीखा हमला करते हुए कहा कि टिकैत पर NSA लगाया जाए।
बांग्लादेश जैसा हाल भारत में भी हो सकता है- राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि बांग्लादेश में 15 साल से सत्ता में बैठे लोगों ने विपक्ष के सभी नेताओं को जेल में डाल दिया था। लेकिन जनता ने तख्तापलट करके उनको ही जेल में बंद कर दिया। उनको भागने का कोई रास्ता नहीं मिल रहा है। राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यहीं हाल अब भारत में भी हो सकता है।
अगर लालकिला की जगह संसद चले गए होते तो…
राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों के द्वारा लाल किले से तिरंगा उतारने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उस दिन लोगों को गुमराह करके लाल किला कि जगह संसद की तरफ भेज दिया गया होता तो उसी दिन इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका जा सकता था। उन्होंने कहा कि उस दिन 25 लाख ट्रैक्टर मौजूद थे, अगर वो संसद चले गए होते तो उस दिन वहीं हाल होता जो आज बांग्लादेश का है।
नंद किशोर गुर्जर ने टिकैत को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बताया खतरा
राकेश टिकैत के इस बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। लोनी गाजियाबाद से BJP विधायक नंद किशोर गुर्जर ने राकेश टिकैत को देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक बताया है। उन्होंने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में इस समय 10 लाख बांग्लादेशी रोहिंग्या मौजूद हैं। जिनकी सपोर्ट लेकर राकेश टिकैत दिल्ली पर हमला कर सकते हैं।
ये लोग टोपी पहनकर टोल पास कराते हैं- गुर्जर
नंद किशोर गुर्जर ने इस दौरान राकेश टिकैत को दिल्ली आने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर राकेश टिकैत में हिम्मत है तो वो दिल्ली पर हमला करके दिखाएं। किसानों की आड़ में ये सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। इनपर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिये। उन्होंने अपनी सरकार से विनती की है कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। राकेश टिकैत पर हमला करते हुए गुर्जर ने कहा कि ये लोग टोपी पहनकर टोल पास कराते हैं।




