नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में अगले तीन दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश की संभावना है।
मध्य भारत भी रहेगा बारिश की चपेट में
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में आने वाले दिनों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। विशेषकर मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों के भीतर तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
दिल्ली का मौसम बिगड़ेगा
दिल्ली में सोमवार शाम से बारिश शुरू हो सकती है, जो देर रात तक जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-NCR में तीन दिन तक बारिश का सिलसिला चल सकता है, जिससे यातायात और जनजीवन पर असर पड़ेगा।
पंजाब-हरियाणा में ट्रफ लाइन का असर
हरियाणा के पास बने निम्न दबाव और पंजाब से विदर्भ तक फैली ट्रफ लाइन के कारण इन इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। अगले तीन-चार दिन तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी घटनाएं सामने आ सकती हैं।
बिहार में मानसून कमजोर
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी मानसून कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, दो-तीन दिन बाद मानसून उत्तर की ओर बढ़ेगा, तब जाकर इन राज्यों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। फिलहाल यहां लोगों को बारिश के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण झारखंड और ओडिशा में अभी बारिश जारी है। हालांकि मंगलवार से इसमें थोड़ी कमी आने की संभावना है।






