नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग (Hindenburg)के नए आरोपों के आधार पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के द्वारा भारतीय शेयर बाजारों पर सवाल उठाने को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है।
BJP नेता अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि विपक्ष के नेता उकसावे का काम कर रहे हैं और भारतीय शेयर बाजारों को लेकर संदेह पैदा कर रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था में विश्वास को कम करने का यह प्रयास राहुल गांधी के असली इरादे को उजागर करता है। यह भारत के विनाश के अलावा कुछ भी नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट की जांच के बाद भी राहुल कर रहे टिप्पणी
अमित मालवीय ने आगे कहा कि राहुल गांधी ये टिप्पणी तब कर रहे हैं जब सुप्रीम कोर्ट के द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति ने जांच कर इस बात को खारिज कर दिया था। विशेषज्ञों ने कहा था कि हिंडनबर्ग (Hindenburg) के द्वारा लगाए गए मूल्य हेरफेर के आरोपों के संबंध में कोई नियामक विफलता नहीं थी।
राहुल गांधी ने भारतीय शेयर बाजारों पर लगाया था ये आरोप
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद कहा था कि भारतीय शेयर बाजारों में काफी जोखिम है और SEBI अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए आरोपों से उसकी ईमानदारी पर शंका पैदा हो रही है।
हिंडनबर्ग ने सेबी प्रमुख पर लगाया पर्सनल इंट्रेस्ट का आरोप
बता दें कि, हिंडनबर्ग (Hindenburg) की नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सेबी (SEBI) की अध्यक्ष माधवी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच की अडानी धन हेराफेरी घोटाले में शामिल संस्थाओं में हिस्सेदारी थी। हिंडनबर्ग ने बताया कि सेबी अध्यक्ष माधवी पुरी बुच ने अडानी धन हेराफेरी मामले में अडानी ग्रुप को इसलिए क्लीनचीट दे दिया क्योंकि उनका उसमें पर्सनल इंट्रेस्ट था।
सेबी प्रमुख ने इन आरोपों को बताया निराधार
हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट पर सेबी (SEBI) के चेयरमैन और अडानी समूह ने इन आरोपों को निराधार और दुर्भावना से भरा हुआ बताया है। माधबी पुरी बुच ने बताया कि हिंडनबर्ग की ओर से जारी ये रिपोर्ट SEBI के द्वारा जुलाई में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद आया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in





