नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi के एक बयान को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। रायबरेली में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को लेकर विवादित टिप्पणी की।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
सभा के दौरान राहुल गांधी ने संविधान और समान अधिकारों की बात करते हुए कहा कि देश किसी एक संगठन या जाति का नहीं, बल्कि सभी लोगों का है। उन्होंने कहा कि जब भी BJP और RSS के लोग सामने आएं तो उनसे कहिए कि “नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं, क्योंकि उन्होंने देश को बेचने का काम किया है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस ने संविधान, बाबा साहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों पर हमला किया है।
‘देश में आर्थिक संकट आने वाला है’
अपने भाषण में राहुल गांधी ने महंगाई और आर्थिक हालात को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता से सोना कम खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल करने की अपील करते हैं, लेकिन खुद महंगे विमानों से विदेश यात्रा करते हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि आने वाले समय में देश में महंगाई बढ़ सकती है और खाद जैसी जरूरी चीजों की कमी भी हो सकती है।
BJP का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का अपमान किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच “अर्बन नक्सल” जैसी है और वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।
बयान के बाद बढ़ी सियासी गर्मी
राहुल गांधी के बयान के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और ज्यादा गरमा सकता है, क्योंकि दोनों दल इसे लेकर आमने-सामने आ गए हैं।





