नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में 9 अक्टूबर 2024 को चुनाव को लेकर हुए विवाद में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने बीजेपी विधायक योगेश वर्मा को पीट दिया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। अब इस मामले में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह ने बीजेपी विधायक पर आरोप लगाया है।
विधायक ने मुझे भी धक्का दिया
पुष्पा सिंह ने कहा है कि वह भी अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चुनाव में शामिल होने के लिए अपना नामांकन पर्चा लेने के लिए आई थी। पुष्पा सिंह ने बताया की यह घटना सुबह 11:30 बजे की है, तभी बीजेपी विधायक योगेश वर्मा शराब के नशे में 2-3 लोगों के साथ वहां पहुंचे, तो विधायक के साथ आए लोगों ने मेरा नामांकन फॉर्म छीन लिया और मेरे साथ आई ज्योति शुक्ला को धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गयी थी। मैने ज्योति शुक्ला को उठाया और इस घटना का विरोध किया तो विधायक ने मुझे भी धक्का दे दिया। जिसके बाद ज्योति शुक्ला ने मेरे पति को फोन किया और बताया कि ये लोग हमारे साथ बदतमीजी कर रहे हैं। जिसके बाद मेरे पति तुरंत यहां पहुंचे और विधायक उनसे भी बहस करने लगे, जिसके बाद यह घटना हुई।
विधायक योगेश वर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
इसके बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह ने कहा कि वह भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रभारी हैं और अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। मेरा काम समाज सेवा का है। योगी जी प्रदेश में महिलाओं के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। उनके राज में महिलाएं खुलकर बाहर निकलती हैं। लेकिन ऐसा विधायक सत्ता में बिल्कुल नहीं रहना चाहिए, जो महिलाओं का सम्मान ही नहीं करता है। मैने इस विधायक का वर्ष 2017 और 2022 के चुनावों में प्रचार भी किया था। इसके बाद पुष्पा सिंह ने कहा कि वह खुद बीजेपी महिला मोर्चा की मुखिया हैं, लेकिन फिर भी वह अपना सम्मान नहीं बचा सकती तो दूसरी महिलाएं अपना सम्मान कैसे बचाएंगी। पुष्पा देवी ने योगी सरकार से विधायक योगेश वर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह पूरा मामला अर्बन कॉपरेटिव बैंक चुनाव को लेकर शुरू हुआ था
यह पूरा मामला अर्बन कॉपरेटिव बैंक चुनाव को लेकर शुरू हुआ था। इस चुनाव में एक पक्ष से निवर्तमान चेयरमैन पुष्पा सिंह मैदान में हैं। तो दूसरी तरफ पूर्व चेयरमैन मनोज अग्रवाल के समर्थन से राजू अग्रवाल मैदान में हैं। दोनों 9 अक्टूबर 2024 को अपने लोगों के साथ नामांकन करने पहुंचे थे। विवाद बढ़ने के बाद इस चुनाव को आगे के लिए टाल दिया गया है।




