नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोलकाता के RG Kar मेडिकल कॉलेज में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व हत्या मामले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। देश भर में इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हो रहा है। अब इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंदबोस एक्शन मोड में हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की। जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगने वाला है?
राज्यहित में लिया जाएगा कोई भी फैसला- राज्यपाल
वहीं इस संबंध में राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार से उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व हत्या मामले को लेकर तीन रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अभी तक सिर्फ 1 ही रिपोर्ट मिली है। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे समाज के लिए कलंक है। लोग डरे हुए हैं और सड़क पर उतर चुके हैं। वहीं राष्ट्रपति शासन के सवाल पर उन्होंने कहा कि मांग तो मांग होती है। जो भी फैसला लिया जाएगा, वो सोच समझकर और राज्यहित में लिया जाएगा।
क्या है मामला ?
दरअसल ये 9 अगस्त की रात को कोलकाता के RG Kar मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर की रेप कर हत्या कर दी गई। जिसको लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान डॉक्टरों ने कोलकाता पुलिस पर सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने 1 आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आज सुनवाई की। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार, पुलिस और अस्पताल प्रशासन को खूब खरी खोटी सुनाई।
CBI कर रही मामले की जांच
वहीं इस मामले की जांच अब CBI कर रही है। ये वहीं टीम है जिसने हाथरस केस की जांच की थी। CBI ने मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उनसे तीन दिनों तक पूछताछ की। उनपर आरोप है कि उन्होंने घटना के बाद कर्मचारियों के साथ मीटिंग की थी और इस घटना को आत्महत्या बताया था। वो इस जघन्य वारदात पर किसी तरह पर्दा डालने का प्लान बनाया था।
CBI अबतक 20 से अधिक लोगों से कर चुकी है पूछताछ
इस मामले में CBI अबतक 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इस मामले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर OPD सेवाएं बंद कर दी गई है।





