नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को स्तबध कर दिया था। चारो ओर केवल एक मांग जोर पकड़ रही थी कि पाकिस्तान से बदला लिया जाए। भारत की ओर से 15 दिन की तैयारियों के बाद ऑपरेशन सिंदूर को लॉन्च करके पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर अटैक किया गया। इसी कड़ी में आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित कर रहे हैं।
हमले ने झकझोर दिया – पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हिंसा को दुखद और निदनीय बताते हुए कहा की इस हमले ने पूरे देश और दुनिया को झकझोर दिया। हमला इतना क्रूर था कि परिवार के सामने ही उनके प्रिय जनों को मार दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि यह समय मेरे लिए पीड़ा देने वाला था। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम को भी सराहा। पीएम मोदी ने कहा कि बहनों का सिंदूर उजाड़ने वाले आतंकी उसकी कीमत जान गए। भारत ने आतंक के हेड क्वार्टर उजाड़े हैं। भारत की स्ट्राइक में 100 आतंकवादी मारे गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश अगर एक हो तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं।
“सैन्य कार्यवाई स्थगित की है, बंद नहीं”
पीएम मोदी ने भारतीय सेना की कार्यवाही का ब्यौरा देते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार किया है। जब पाकिस्तान पिट गया तो उनके डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ से संपर्क किया। उसके बाद पीएम मोदी ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का संकल्प दर्शाते हुए कहा की हमने सिर्फ सैनिक कार्रवाई को स्थगित किया है बंद नहीं किया। आने वाले समय में पाकिस्तान को उसकी कसौटी पर नापेंगे।




