नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता से घबराए पाकिस्तान की एक और साजिश बेनकाब हुई है। जम्मू-कश्मीर में नागरिकों को निशाना बनाने के बाद अब उसने पंजाब की सरहद पर भी अशांति फैलाने की कोशिश की है। अमृतसर के नजदीक तीन अलग-अलग गांवों में तीन संदिग्ध मिसाइलों के अवशेष मिले हैं, जिन्हें विस्फोट से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया था।
दरअसल, बुधवार और गुरुवार की रात करीब 1 बजे अमृतसर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दी थीं, जिन्हें उस समय प्रशासन ने सोनिक बूम यानी ध्वनि प्रभाव बताया था और लोगों से शांत रहने की अपील की थी। लेकिन अब मिसाइल के अवशेषों की बरामदगी ने इस घटनाक्रम को गंभीर बना दिया है। आशंका जताई जा रही है कि ये मिसाइलें पाकिस्तान की ओर से दागी गई थीं, जिन्हें भारतीय एंटी-मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने समय रहते हवा में ही नष्ट कर दिया।
सेना को मौके पर बुलाया गया
अमृतसर के सीमावर्ती गांवों में मिसाइलों के अवशेष मिलने के बाद सेना को जांच के लिए बुलाया गया है। दुधाला, जेठूवाल और पंधेर गांवों में क्षतिग्रस्त मिसाइलों के टुकड़े बरामद हुए हैं। अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनिंदर सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सूचना सेना को दे दी गई है। सेना की टीम मौके पर पहुंचकर इन वस्तुओं को अपने कब्जे में लेगी और तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन मिसाइलों की प्रकृति क्या थी और वे कहां से आईं।
सीमा पर तनाव बढ़ते ही गांवों का खाली होना शुरू
एयर स्ट्राइक के बाद हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा से लगे गांवों को तत्काल खाली करने के निर्देश दिए थे। आदेश मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चों, महिलाओं और जरूरी सामान के साथ गांव छोड़ना शुरू कर दिया। यह सिलसिला बुधवार देर रात से ही शुरू हो गया था, जब कई परिवार रात के अंधेरे में अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हुए। सुबह होते-होते ज्यादातर सीमावर्ती गांवों के लोग अपने परिजनों के यहां या अन्य सुरक्षित जगहों पर पहुंच चुके थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।
होशियारपुर में खेतों से मिले पाक वायुसेना की मिसाइलों के अवशेष
पंजाब के होशियारपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियों को गुरुवार सुबह स्थानीय खेतों में दो संदिग्ध मिसाइलों का मलबा मिला। जांच के दौरान सामने आया कि ये मिसाइलें पाकिस्तानी वायुसेना से जुड़ी हैं। बरामद अवशेषों पर दर्ज सीरियल नंबर P15E12203023 और P15E12203039 से इसकी पुष्टि की जा रही है। फिलहाल मलबे को कब्जे में लेकर विशेषज्ञ टीम इसकी तकनीकी जांच में जुटी है।
केन्द्र सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत सभी प्रमुख दलों के नेता मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने बैठक में हिस्सा लिया। सर्वदलीय बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम सभी सरकार के साथ हैं. सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, सभी नेताओं ने अपना रखा और पार्टी के विचार को रखा। मैं ये मानता हूं कि सभी नेताओं ने परिपक्वता दिखाई है। देश जब चुनौतीपूर्ण स्थिति में है तो ऐसे में राजनीति की जगह नहीं है। हमारी सेना ने जो कार्रवाई की है, उसके लिए बधाई दी गई। पूरा देश साथ है।




