नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। घुसपैठियों के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि हमारे यूपी में भी घुसपैठिए हैं, मुख्यमंत्री जी खुद उत्तराखंड से हैं। हम तो चाहते हैं कि उन्हें वापस उनके राज्य भेज दिया जाए। उनके इस बयान पर मौजूद लोगों में ठहाके लगने लगे।
सीएम योगी पर सीधा निशाना
अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा के पास झूठे आंकड़ों का भंडार है। उन्होंने कहा, जो लोग पलायन के आंकड़े दे रहे हैं, अगर उन्हीं पर भरोसा किया जाए, तो आदमी भटक जाएगा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न सिर्फ भौगोलिक रूप से, बल्कि विचारधारा के लिहाज से भी ‘घुसपैठिए’ हैं, क्योंकि वो भाजपा के मूल सदस्य नहीं थे, किसी और पार्टी से आए हैं। अब सवाल ये है कि ऐसे घुसपैठियों को कब हटाया जाएगा?
अमित शाह के बयान पर पलटवार
दरअसल, हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि कुछ राजनीतिक दल घुसपैठियों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करते हैं और सवाल उठाया था कि गुजरात और राजस्थान की सीमाओं पर घुसपैठ क्यों नहीं होती?अखिलेश यादव का यह बयान अमित शाह के उसी बयान का जवाब माना जा रहा है।
राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने यह टिप्पणी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में की। उन्होंने कहा कि लोहिया जी जीवनभर अन्याय और असमानता के खिलाफ लड़े। सपा प्रमुख ने कहा, हम लोहिया जी के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं, ताकि हर वर्ग को सामाजिक और आर्थिक सम्मान मिल सके।
जाति पर भी की टिप्पणी
अखिलेश ने जातिगत भेदभाव पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया और बाबा साहेब आंबेडकर दोनों ने जाति खत्म करने की बात कही थी, लेकिन आज भी समाज में जाति के आधार पर भेदभाव मौजूद है।
वॉट्सऐप पर भी जुड़ें हमारे साथ, जॉइन करें Raftaar News |





