नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आजादी से पहले हिंदी सिनेमा के शुरुआती सुपरस्टार माने जाने वाले अशोक कुमार ने अपने दमदार अभिनय से उस दौर में जो पहचान बनाई, वह आज भी मिसाल है। के. एल. सहगल और देव आनंद जैसे दिग्गजों से पहले हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रियता को नई दिशा देने का काम अशोक कुमार ने ही किया। अपने लंबे और शानदार करियर में उन्होंने कई हिट फिल्में दीं, लेकिन उनके करियर की एक खास फिल्म ऐसी भी रही जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। यह फिल्म आजादी से पहले आई थी और उस दौर में जब तकनीक सीमित थी, तब भी इसने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। आइए जानते हैं कौन-सी थी वो फिल्म, जिसने अशोक कुमार को बनाया हिंदी सिनेमा का सरताज।
इस फिल्म ने बदल दिया अशोक कुमार का करियर
1936 में फिल्म जीवन नैय्या से बतौर एक्टर अपने करियर की शुरुआत करने वाले अशोक कुमार ने पहले ही प्रोजेक्ट में साबित कर दिया था कि उनके अंदर गजब का अभिनय कौशल है। हालांकि शुरुआती कुछ साल उनके लिए सामान्य रहे, लेकिन 1940 में आई फिल्म बंधन ने उनके करियर को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। एन. आर. आचार्य के निर्देशन और बॉम्बे टॉकीज के बैनर तले बनी बंधन एक खूबसूरत लव स्टोरी थी, जिसने आजादी से पहले रोमांटिक फिल्मों की परिभाषा ही बदल दी। इस फिल्म में अशोक कुमार के साथ लीला चिटनिस ने भी शानदार अभिनय किया और दोनों की जोड़ी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
1940 की दूसरी सबसे बड़ी हिट फिल्म बनी ‘बंधन’
85 साल पहले आई फिल्म बंधन में अशोक कुमार और लीला चिटनिस की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। यह जोड़ी उस दौर में सिनेप्रेमियों की फेवरेट बन गई थी। आईएमडीबी की रिपोर्ट के मुताबिक बंधन 1940 की दूसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग हिंदी फिल्म बनी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की। सिनेमाघरों में फिल्म लंबे समय तक चली और दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। यह कहना गलत नहीं होगा कि बंधन ने ही अशोक कुमार को हिंदी सिनेमा का सुपरस्टार बना दिया था। बता दें कि 1940 में के. एल. सहगल की जिंदगी उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म रही थी।
‘किस्मत’ से लेकर ‘बेताब’ तक, इन फिल्मों से छोड़ी अमिट छाप
बतौर अभिनेता अशोक कुमार ने हिंदी सिनेमा में एक लंबी और यादगार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने जन्मभूमि, इज्जत, प्रेम कहानी, वचन, किस्मत, बेगम, साजन, बेताब और आधी रात जैसी तमाम फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग का लोहा मनवाया। बता दें कि अशोक कुमार लीजेंड्री सिंगर किशोर कुमार के बड़े भाई भी थे। अभिनय में उनकी गंभीरता और सहजता ने उन्हें इंडस्ट्री का ‘दादा मुनि’ बना दिया, जो आज भी सिनेमा प्रेमियों के बीच उतने ही सम्मानित हैं।





