नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘आंबेडकर-आंबेडकर कहते रहते हैं’ वाले बयान को लेकर विपक्ष ने 18 दिसंबर 2024 लोकसभा में जोरदार हंगामा किया। कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके बयान के लिए उनसे इस्तीफा देने की मांग कर डाली है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया।
मल्लिकार्जुन खड़गे की अमित शाह से इस्तीफे की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘आंबेडकर-आंबेडकर कहते रहते हैं’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा की क्या बाबासाहेब आंबेडकर का नाम लेना एक बड़ा गुनाह है? मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि वह अमित शाह के बयान का जवाब उसी वक्त दे सकते थे लेकिन वह सदन की कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए चुप रहे।
“बाबा साहब आंबेडकर हमारे लिए किसी भगवान से कम नहीं है”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज 18 दिसंबर 2024 को कहा कि आज हमारी पार्टी के सांसदों ने एक होकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का विरोध किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि अमित शाह ने बाबासाहेब का अपमान किया है। इसलिए वह अमित शाह से उनके इस्तीफे की मांग करते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि वे संविधान की जगह मनुस्मृति को लागू करना चाहते थे। लेकिन बाबा साहब आंबेडकर ने ऐसा नहीं होने दिया, इसलिए ये लोग उनसे इतनी नफरत करते हैं। मोदी सरकार के मंत्रियों को यह समझना होगा कि मेरे जैसे करोड़ो लोगों के लिए बाबा साहब आंबेडकर किसी भगवान से कम नहीं है। बाबा साहब आंबेडकर दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के लिए मसीहा हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा था?
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 17 दिसंबर 2024 को राज्यसभा में संविधान के चर्चा के दौरान कहा था कि आजकल बाबा साहब आंबेडकर का नाम लेना एक बड़ा फैशन बन गया है। आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि अगर इतना नाम भगवान का लेते तो सात बार स्वर्ग की प्राप्ति हो जाती।




