नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी अड्डों को निशाना बनाकर की गई एयर स्ट्राइक को लेकर केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की। इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों को ऑपरेशन की जानकारी दी गई। इस मुद्दे पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना गुट के नेता संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “पहलगाम में हमारे नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकियों को जिंदा पकड़कर दिल्ली लाना चाहिए। वहां आम जनता, खासकर महिलाएं, उन्हें पहचानें और फिर उन्हें मार देना जाए।”
सर्वदलीय बैठक को लेकर संजय राउत ने आगे कहा, “जब देश पर हमला होता है और सरकार सर्वदलीय बैठक बुलाती है, तो हर दल का फर्ज है कि वह एकजुट होकर सेना के साथ खड़ा हो। यही भावना इस बैठक में भी देखने को मिली। हमारी पार्टी शिवसेना ने भी स्पष्ट रूप से कहा कि हम भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं और हमें उस पर गर्व है।”
शिवसेना ने सर्वदलीय बैठक में रखी ये मांग
संजय राउत ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक के दौरान ऑपरेशन की स्थिति पर ब्रीफिंग दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में अब तक 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं, लेकिन अंतिम आंकड़े आने में कुछ समय लग सकता है। साथ ही रक्षा मंत्री ने यह स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी जारी है और तब तक चलेगा जब तक पहलगाम में हमला करने वाले 6 आतंकियों का सफाया नहीं हो जाता। शिवसेना नेता ने बताया कि, “हमने बैठक में बात रखीं, जो हमें लगता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और जनभावना दोनों के लिए बेहद अहम हैं। हमने इस ऑपरेशन का स्वागत किया है और कहा है कि जब तक पहलगाम की हमारी 26 बहनों की मांग उजाड़ने वाले 6 यमदूतों का अंत नहीं होता, तब तक यह अभियान जारी रहना चाहिए।”
“सिर्फ एनकाउंटर से काम नहीं चलेगा, आतंकियों को जिंदा पकड़कर लाया जाए”
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने आतंकवाद के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि सिर्फ आतंकवादियों को मारने की बात कहकर मामला खत्म नहीं किया जा सकता। राउत ने कहा, “जब तक इन आतंकवादियों को जिंदा पकड़ा नहीं जाता, तब तक ऑपरेशन सिंदूर पूरा नहीं माना जा सकता। उन्हें सिर्फ एनकाउंटर में मार देने से काम नहीं चलेगा। पहलगाम में हमारे लोगों की हत्या करने वाले इन दरिंदों को जिंदा पकड़कर भारत लाया जाना चाहिए। ताकि उन्हें देश की जनता के सामने सजा दी जा सके।”
“आतंकियों की पहचान पीड़ित महिलाओं से कराई जाए, तभी होगा बदला पूरा”
संजय राउत ने कहा, “जिन आतंकवादियों ने पहलगाम में निर्दोष लोगों को मारा, उन्हें जिंदा पकड़ा जाए और दिल्ली में इंडिया गेट के सामने लाकर खड़ा किया जाए। वहां उन महिलाओं को बुलाया जाए जिनके सुहाग उजड़ गए। उन्हें पहचान करने दी जाए कि क्या यही वे आतंकवादी हैं जिन्होंने गोलियां चलाई थीं। नहीं तो फेक एनकाउंटर बहुत होते हैं। उनकी पहचान होने के बाद उसे मार दीजिए और उनकी लाशें पाकिस्तान के बॉर्डर के पास फेंक दें। तभी हमारा बदला पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यह मैंने देश की भावना पर विचार करके कहा है।”
“देश की आंतरिक सुरक्षा खतरे में है”
संजय राउत ने आतंरिक सुरक्षा की गंभीरता पर भी सरकार को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सीधे युद्ध में न सही, लेकिन भारत के अंदर सक्रिय स्लीपर सेल्स के जरिये हमला कर सकता है। संजय राउत ने कहा “पाकिस्तान अब सीधे नहीं, भीतर से हमला करेगा। उनके स्लीपर सेल सक्रिय हो सकते हैं। देश की आंतरिक सुरक्षा खतरे में है। मैंने बैठक में गृह मंत्री अमित शाह से कहा कि अब यह आपकी सीधी जिम्मेदारी है। आप देश के बड़े नेता हैं और आपके रहते हमारे 26 नागरिक मारे गए, ऐसा फिर नहीं होना चाहिए।”




