नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज 26 नवंबर 2024 को आम आदमी पार्टी (AAP) का 12वां स्थापना दिवस है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने AAP के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि 12 साल पहले ही आज के दिल AAP का गठन हुआ था। आतिशी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि जब AAP का गठन हुआ था तो उस समय लोग हम पर हंसते थे, वे लोग कहते थे कि आप लोग भी राजनीति करोगे। आप लोगों के पास तो कुछ भी नहीं है। आतिशी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि लेकिन अरविंद केजरीवाल ने यह सब कर के दिखा दिया है, जो इससे पहले कोई नहीं कर पाया था। जब AAP के गठन होने के बाद दिल्ली विधानसभा के चुनाव हुए तो हमारी पार्टी ने 28 विधानसभा सीटें जीती और वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। इसके बाद वर्ष 2020 में भी फिर से हमारी सरकार बनी। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के साथ है।
“देश के अन्य राज्यों की सरकारें भी दिल्ली मॉडल पर काम कर रही है”
दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि हमारी सरकार ने अच्छे स्कूल दिए तो AAP का दिल्ली मॉडल देशभर में सराहा जाने लगा। अब देश के अन्य राज्यों की सरकारें भी दिल्ली मॉडल पर काम कर रही है। हमारी सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बहुत काम किया। लेकिन बीजेपी ने AAP को तोड़ने की कोई भी कसर नहीं छोड़ी है। इसके बाद आतिशी ने कहा कि आज हम और आप संकल्प लेते हैं कि हम फरवरी में होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव में फिर से अरविंद केजरीवाल को सीएम बनाएंगे।
“पिछले एक साल में तो हमें मिटाने की लाख कोशिशें की गई”
वहीं आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2012 में आज का ये दिन इतिहास का वो क्षण है, जब देश के आम आदमी ने अपनी ताकत को पहचाना और आम आदमी पार्टी की स्थापना की। अरविंद केजरीवाल ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि हमारा तब से लेकर अब तक का ये सफर संघर्ष, बलिदान और जीत की कहानियों से भरा हुआ है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले एक साल में तो हमें मिटाने की लाख कोशिशें की गई। लेकिन जनता के प्यार, हमारी ईमानदारी और कार्यकर्ताओं के हौसलें ने हमें मजबूत बनाने का काम किया। अब हम अन्याय और तानाशाही के खिलाफ पहले से भी ज्यादा मजबूती के साथ खड़े हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर हमला भी बोला और बीजेपी के झुग्गी प्रवास कार्यक्रम को झुग्गी टूरिज्म तक बता डाला। अरविंद केजरीवाल ने झुग्गी वालों के लिए कहा कि इन BJP वालों से सावधान रहना। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले आज शाम आपकी झुग्गी में एक रात के लिए रहने के लिए आ रहे हैं। ये ही बीजेपी वाले लोग एक साल बाद बुलडोजर लेकर आपकी झुग्गी को तोड़ने के लिए आएंगे।





