नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के द्वारा कॉन्स्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 5 लाख के करीब अभ्यर्थी इस परीक्षा में सम्मिलित होंगे। कॉन्स्टेबल नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से गुहार लगा रहे थे। जिसके बाद अब कॉन्स्टेबल पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होगी।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने जारी की विज्ञप्ति
बता दें कि इस संबंध में यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने एक विज्ञप्ति जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि यह परीक्षा पहले निरस्त कर दी गई थी। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया था कि यह परीक्षा 6 महीने के अंदर दोबारा आयोजित कराई जाए। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस परीक्षा को एक निश्चित समय सीमा में पार्दर्शी और शुचितापूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए ये कार्यक्रम घोषित किया गया है।
पेपर लीक व अन्य मामलों में होगी कड़ी कार्रवाई
विज्ञप्ति में आगे बताया गया है कि उत्तर प्रदेश शासन के द्वारा सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों जैसे, प्रश्नपत्र का लीक होना, उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ आदि रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 का प्रावधान किया गया है। जिसमें अगर परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना या नकल कराना, प्रश्न पत्र का फोटो स्टेट करना या प्रश्न पत्र को लीक करने के षडयंत्र करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जारी विज्ञप्ति में आगे बताया गया है कि अगर कोई व्यक्ति ऐसा करते पकड़ा जाता है। तो उस व्यक्ति के खिलाफ 1 करोड़ रुपये तक जुर्माना और आजीवन कारावास तक सजा या दोनों हो सकती है।
नि:शुल्क बस सेवा कराई जाएगी उपलब्ध
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के द्वारा नि:शुल्क बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अपने प्रवेश पत्र की अतिरिक्त दो प्रतियां डाउनलोड करके रखें। उसकी एक प्रति परीक्षा केंद्र के जनपद तक की यात्रा और दूसरी प्रति परीक्षा के बाद अपने जनपद तक की यात्रा के लिए बस कंडरक्टर को देना होगा।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें –www.raftaar.in




