नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मुंबई पुलिस की ठाणे क्राइम ब्रांच ने बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, ठाणे क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 2 लोगों की कर्जत से गिरफ्तारी की है, जो कि स्कूल के अध्यक्ष उदय कोतवाल और सचिव तुषार आप्टे हैं। इन्ही के स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सफाई कर्मचारी अक्षय शिंदे ने यौन उत्पीड़न किया था। ठाणे क्राइम ब्रांच ने यह गिरफ्तारी बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा उदय कोतवाल और सचिव तुषार आप्टे की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करने के एक दिन बाद की है।
अक्षय शिंदे की एनकाउंटर में मौत हो गई थी
बता दें कि बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे की सितंबर महीने की शुरुआत में ही एनकाउंटर में मौत हो गई थी। दरअसल मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे के खिलाफ उसकी पत्नी ने एक नया मामला दर्ज कराया था, जिसके सिलसिले में अक्षय शिंदे को तलोजा जेल से बदलापुर जेल में ट्रांसफर किया जा रहा था। जब पुलिस उसका ट्रांसफर कर रही थी, तो उसने रास्ते में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी से हथियार छीन लिया था और पुलिस पर गोली चला दी थी। जिसके बाद अक्षय शिंदे एनकाउंटर में घायल हो गया था, उसको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
महाराष्ट्र के लोगों को न्याय से वंचित किया जा रहा है
महा विकास अघाड़ी (MVA) ने बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे के एनकाउंटर को लेकर महाराष्ट्र सरकार की कड़ी आलोचना की। एनसीपी नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने इसको लेकर कहा कि दो नाबालिग लड़कियों से जुड़े बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में महाराष्ट्सरकार का रवैया बहुत ही खराब रहा है। पहले इस मामले में FIR देर से दर्ज की गई और अब मुख्य आरोपी की हिरासत के दौरान हत्या कर दी गई। यह कानून प्रवर्तन और न्याय प्रणाली की पूर्ण असफलता को भी दर्शाता है। महाराष्ट्र के लोगों को न्याय से वंचित किया जा रहा है।र





