नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया है कि लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी का माइक बंद कर दिया गया था। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि NEET परीक्षा पेपर लीक पर चर्चा की मांग के दौरान राहुल गांधी का माइक बंद कर दिया गया। नेता प्रतिपक्ष के साथ ऐसा व्यवहार(माइक बंद करना) काफी शर्मनाक है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को एक मिनट भी बोलने नहीं दिया गया। सरकार को छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है।
हम नीट परीक्षा के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हैं
दीपेंद्र हुड्डा ने पेपर लीक मामले में खुलकर कहा कि देश में पेपर लीक लगातार हो रहे हैं, जिसके कारण युवाओं का भविष्य खराब हो गया है। उन्होंने कहा की देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक के मामले हरियाणा में सामने आए हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने NEET परीक्षा के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरा और कहा कि NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ था लेकिन शिक्षा मंत्री अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि जब नीट परीक्षा के मुद्दे को सदन में उठाया गया तो राहुल गांधी के माइक को ही बंद कर दिया गया। अगर नेता प्रतिपक्ष का माइक इस तरह से बंद कर दिया जायेगा तो अन्य सांसदों को गुस्सा आएगा ही। हम नीट परीक्षा के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हैं।
विपक्षी दल पहले नीट परीक्षा की चर्चा की मांग पर अड़े रहे
आज संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा हो रही थी। जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई सदन में नीट परीक्षा को लेकर हंगामा शुरू हो गया। कुछ समय बाद ही लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, लेकिन सदन में नीट परीक्षा को लेकर फिर से हंगामा शुरू होने लगा। विपक्षी दल पहले नीट परीक्षा की चर्चा की मांग पर अड़े रहे। आखिर में लोकसभा की कार्यवाही को सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





