नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। जिसके लिए मंच सजना शुरू हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनके रिपब्लिकन पार्टी के प्रतिद्वंदी व पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर शुरू हुए डिबेट में पहली बार भिड़े। इस दौरान उन्होंने हाथ नहीं मिलाया। जबकि वो पोडियम पर सिर्फ कुछ ही फीट की दूरी पर खड़े थे। बता दें कि डिबेट से पहले दोनों उम्मीदवार पारंपरिक रूप से हाथ मिलाकर अभिवादन करते हैं। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि आने वाले डिबेट्स में दोनों के बीच जमकर तीखी नोकझोंक होने वाली है।
डिबेट में अर्थव्यवस्था पर क्या कहा गया?
डिबेट में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अर्थव्यवस्था को लेकर ट्रंप पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिकी अर्थव्यवस्था की हालत बेहद खराब थी। जब मैने इस देश की बागडोर संभाली तब अमेरिकी अर्थव्यवस्था पतन की ओर थी। इसके बाद उन्होंने कोविड महामारी से निपटने के ट्रंप के तरीके की आलोचना की।
जॉब्स को लेकर दोनों हुए आमने सामने
इसके बाद बाइडेन ने ट्रंप प्रशासन के दौरान अमेरिका में जॉब की कमी को लेकर डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप हर्बर्ट हूवर के बाद इकलौते ऐसे राष्ट्रपति हैं जिन्होंने पहले जितनी नौकरियां थी उससे कम नौकरी छोड़ी।
विदेश नीति पर ट्रंप हुए हमलावर
बहस के दौरान विदेश नीति पर डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति जो बाइडेन को खुब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी पर बाइडेन के क्रियान्वयन की आलोचना की और इसे अमेरिका के इतिहास का सबसे शर्मनाक दिन बताया। उन्होंने कहा कि मैं भी अफगानिस्तान से बाहर निकल रहा था, लेकिन हम गरिमा, शक्ति और ताकत के साथ बाहर निकल रहे थे।
इसका जवाब देते हुए बाइडेन ने कहा कि जब ट्रंप राष्ट्रपति थे तब भी अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों को मार रहे थे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। ट्रंप ने हमारे वीर सैनिकों को बेवकूफ कहा। बाइडेन ने अपने दिवंगत बेटे ब्यू को याद करते हुए कहा कि मेरा बेटा हारने वाला नहीं था, वो बेवकूफ नहीं था। तुम बेवकूफ हो। तुम हारने वाले हो।
इमीग्रेशन को लेकर एक दूसरे पर लगाये आरोप-प्रत्यारोप
बहस के दौरान इमीग्रेशन के मुद्दे पर ट्रंप ने बाइडेन पर कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि देश में अवैध प्रवासियों का स्वागत किया जा रहा है। जिसपर बाइडेन ने कहा कि देश में इमीग्रेशन संकट के बारे में ट्रंप ने झूठ फैलाया है। ये बिल्कुल सच नहीं है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में अवैध प्रवासियों का स्वागत किया जा रहा है। इसका कोई डेटा नहीं है। ट्रंप झूठ बोल रहे हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in




