नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। NEET PG की परीक्षा के लिए गृह मंत्रालय में एक बड़ी बैठक हो रही है। परीक्षा की डेट अनाउंसमेंट से पहले यह बैठक महत्वपूर्ण बताई जा रही है। इसमें गृह मंत्रालय ने साइबर सेल के अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार इस परीक्षा से कुछ घंटे पहले ही पेपर तैयार किये जाएंगे।
गृह मंत्रालय कर रहा मामले का अवलोकन
गृह मंत्रालय, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और स्वास्थ्य विभाग बड़े स्तर पर इस मामले का अवलोकन कर रहा है। जल्द ही जांच खत्म हो जाएगी। अब नीट पीजी परीक्षा की डेट जल्द ही अनाउंस हो जाएगी और महीने भर के अंदर परीक्षा भी आयोजित हो जाएगी।
NEET UG पेपर लीक के बाद कई परीक्षाओं पर लगी रोक
गौरतलब है कि NEET UG और UGC NET का पेपर लीक होने के बाद देश में कई बड़ी परीक्षाओं के आयोजन पर रोक लगा दी गई। इसी को देखते हुए NEET PG की परीक्षा भी स्थगित कर दी गई। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड के द्वारा जल्द ही इस प्रवेश परीक्षा की नई तारीख का ऐलान किया जा सकता है।
जल्द ही परीक्षा की अगली डेट घोषित कर दी जाएगी
इस संबंध में राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड के अध्यक्ष अभिजात सेठ ने कहा है कि SOP और प्रोटोकॉल की जल्द समीक्षा कर परीक्षा की अगली डेट घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के बीच हुई समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने कहा कि परीक्षा स्थगित करने से पहले स्थिति और सरकार से प्राप्त इनपुट का अवलोकन किया गया।
इसके अलावा अभिजात सेठ ने कहा कि जहां तक NEET UG का सवाल है। इस परीक्षा की सत्यनिष्ठा पर कभी संदेह नहीं था। हमने पिछले 7 सालों में सफलता पूर्वक इस परीक्षा का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि हाल की चिंताओं को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर ये निर्णय लिया है कि परीक्षा की पवित्रता और सुरक्षा को बनाये रखना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





