नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पिछले कुछ दिनों से बारिश ने असम और केरल में तबाही मचा रखी है। अब यहीं हाल हिमाचल प्रदेश का भी हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के निरमंड ब्लॉक, मलाणा और मंडी जिले में बादल फटने से चारों तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। बादल फटने की वजह से कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं इस आपदा में लगभग 53 लोग लापता हैं। मंडी में एक शव मिला है। जबकि 35 लोगों को बचा लिया गया है।
मंडी के थलटूखोड़ में आधी रात को बादल फटा
मंडी के थलटूखोड़ में आधी रात को बादल फटने से भयंकर तबाही मच गई। यहां कई मकान भारी बारिश की वजह से ढह गए। जिसके चलते सड़कें बंद हो गई। थलटूखोड़ पंचायत प्रधान ने बताया कि तेरंग और राजबन गांव में बादल फटने की घटना हुई है। घटना के बाद से कई लोग लापता हैं। इस घटना में 3 घर बह गए।
एसडीआरएफ की टीम हुई रवाना
मौके पर एसडीआरएफ समेत अन्य राहत व बचाव टीमें रवाना हो गई हैं। मंडी जिला प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एयरफोर्स को भी अलर्ट किया है। मदद की जरूरत होने पर एयरफोर्स की भी सेवाएं ली जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ली हालात की जानकारी
बादल फटने की वजह से मंडी के सभी स्कूल और कॉलेजों को आज बंद कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना का केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी संज्ञान लिया है। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से केंद्रीय मंत्री नड्डा ने बात कर वहां के हालात की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके अलावा जेपी नड्डा ने पूर्व सीएम और एलओपी जयराम ठाकुर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से भी बातचीत की और भी बीजेपी कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुट जाने के निर्देश दिए।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in




