नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तंज कसा, जिससे विवाद खड़ा हो गया। शिंदे गुट के समर्थकों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं, जिस होटल में उन्होंने यह टिप्पणी की थी, वहां तोड़फोड़ भी की गई। अब कुणाल कामरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
कौन हैं कुणाल कामरा?
कुणाल कामरा एक स्टैंडअप कॉमेडियन और सोशल मीडिया पर चर्चित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने साल 2017 में अपने यूट्यूब चैनल पर ‘शटअप या कुणाल’ Shut Up Ya Kunal नाम से एक इंटरव्यू शो शुरू किया था। इस शो में उन्होंने अरविंद केजरीवाल, रवीश कुमार, असदुद्दीन ओवैसी, कन्हैया कुमार, उमर खालिद, शेहला रशीद, जिग्नेश मेवाणी जैसे नेताओं और पत्रकारों का इंटरव्यू लिया।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं कुणाल
यह पहली बार नहीं है जब कुणाल कामरा विवादों में आए हैं। इससे पहले 2020 में, उन्होंने एक फ्लाइट में पत्रकार अर्नब गोस्वामी पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद इंडिगो, एयर इंडिया, गो एयर और स्पाइसजेट ने उन्हें छह महीने तक बैन कर दिया था हाल ही में, उनकी ओला के फाउंडर भाविश अग्रवाल के साथ सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। इसके अलावा, कई बार उनके राजनीतिक तंज सुर्खियों में रहे हैं। सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फॉलोइंग कुणाल कामरा सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं यूट्यूब 2.31 मिलियन सब्सक्राइबर इंस्टाग्राम 1 मिलियन फॉलोअर्स ट्विटर (X) 2.4 मिलियन फॉलोअर्स वह सिर्फ 12 लोगों को फॉलो करते हैं, जिनमें कन्हैया कुमार, वरुण ग्रोवर, श्याम रंगीला शामिल हैं।
कितनी है कुणाल कामरा की नेटवर्थ?
कुणाल कामरा की कमाई यूट्यूब, सोशल मीडिया और स्टैंडअप कॉमेडी शो से होती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह हर शो के लिए 12 से 15 लाख रुपये चार्ज करते हैं। उनकी कुल संपत्ति 1 करोड़ से 6 करोड़ रुपये के बीच आंकी जाती है। एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी के बाद कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अब आगे क्या कार्रवाई होगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।





