नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली शराब घोटाला मामले में जेल में बंद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को अदालत से किसी भी तरह की कोई राहत नहीं मिल रही है। 11 जुलाई 2024 को देश के सर्वोच्च न्यायालय में मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका की सुनवाई होनी थी लेकिन वो भी आगे के लिए टल गई। आज(15 जुलाई 2024) को राउज एवेन्यू कोर्ट में जब दिल्ली शराब घोटाले मामले में मनीष सिसोदिया की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई हुई तो, उनकी न्यायिक हिरासत को 22 जुलाई 2024 तब बढ़ा दिया गया। अब इस मामले में मनीष सिसोदिया की राउज एवेन्यूकोर्ट में अगली सुनवाई 22 जुलाई 2024 को होगी।
मनीष सिसोदिया ने 28 फरवरी 2023 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था
मनीष सिसोदिया पर दिल्ली सरकार में आबकारी मंत्री रहते हुए शराब घोटाला के आरोप हैं। उन्हें सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। इसके तुरंत बाद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने 28 फरवरी 2023 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। दिल्ली शराब घोटाला मामले में सीबीआई के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मार्च 2023 में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। इस तरह से मनीष सिसोदिया के खिलाफ अब सीबीआई और ईडी दोनों का दिल्ली शराब घोटाला मामले में केस चल रहा है।
जिसकी वजह से अब यह सुनवाई टल गई
जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संयज करोल को 11 जुलाई 2024 को सुनवाई करनी थी। लेकिन सुनवाई करने वाली पीठ में शामिल जस्टिस संजय कुमार ने मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई करने को लेकर खुद को निजी वजह से अलग कर लिया था। जिसकी वजह से अब यह सुनवाई टल गई है। बता दें कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई और ईडी दोनों कि जांच चल रही है। राउज एवेन्यू कोर्ट में अब मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर 22 जुलाई 2024 को सुनवाई होनी है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




