मुंबई, 09 मार्च (हि.स.)। जलगांव जिले के पालकमंत्री गुलाबराव पाटील ने जिले में 3 दिनों तक जनता कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। इस मौके पर जिलाधिकारी अभिजीत राऊत, पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रवीण मुंडे, आयुक्त सतीश कुलकर्णी, जिला अस्पताल के डॉ. एन.एस.चव्हाण उपस्थित थे। पालक मंत्री गुलाबराव पाटील ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि जलगांव जिले में 12,13 व 14 मार्च को जनता कर्फ्यू लागू किया जाएगा। जनता कर्फ्यू की शुरुआत 11 मार्च को रात 8 बजे से हो जाएगी और 15 मार्च को सुबह 8 बजे तक यह लागू रहेगा। गुलाबराव पाटील ने कहा कि जनता कर्फ्यू के दौरान जिले में सभी स्कूल, कालेज, बाजार, भाजी की दुकानें, सैलून, सभी निजी कार्यालय, धार्मिक स्थल, किराना दुकान ,गार्डेन, सिनेमाघर, व्यायाम शाला आदि बंद रखे जाएंगे। सार्वजनिक कार्यक्रम पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। जनता कर्फ्यू के दौरान मेडिकल सेवा, जिला के अंदर यातायात, रेलवे, विमानसेवा, नियोजित परीक्षा, बैंक व वित्तीय संस्थान, कृषि केंद्र, वर्कशॉप, कुरियर , कोरोना टीकाकरण केंद्र खुले रहेंगे। पालकमंत्री ने आम नागरिकों से जनता कर्फ्यू का कठोरता से पालन करने की अपील की है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर




