नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार, एमपी, उत्तराखंड और पंजाब सहित देश के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के आज नतीजे आ रहे हैं। बिहार की रुपौली विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले में निर्दलीय शंकर सिंह ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने जेडीयू के कलाधर मंडल को 8 हजार वोटों से हरा दिया। यहां पर पूर्व विधायक आरजेडी की बीमा भारती तीसरे नंबर पर रहीं।
जालंधर पश्चिम से आप ने दर्ज की जीत
वहीं पंजाब के जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। आप के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुराल को 37,325 वोटों से हरा दिया है। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर तीसरे स्थान पर रहीं।
हिमाचल में तीन में से 2 पर कांग्रेस और 1 पर बीजेपी ने दर्ज की जीत
हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों के नतीजे आ गए हैं। तीन में से 2 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इसमें देहरी सीट को हॉट सीट माना जा रहा था क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर उतरी थी। कमलेश ठाकुर ने यहां से जीत का परचम लहराया है। वहीं हमीरपुर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा को हराकर जीत का स्वाद चखा। इसके अलावा नालागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने बीजेपी के प्रत्याशी केएल ठाकुर को 8 हजार वोटों से हराया है।
उत्तराखंड की दोनों सीटें कांग्रेस ने जीती
उत्तराखंड की मंगलोर विधानसभा सीट पर कांटे की टक्कर में कांग्रेस प्रत्याशी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने बीजेपी के प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना को करीब 500 वोटों से हरा दिया है। वहीं बद्रीनाथ सीट से कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को 3 हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी। बता दें कि राजेंद्र भंडारी इसी सीट से कांग्रेस विधायक थे। लोकसभा चुनावों से पहले उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





