नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पीएम मोदी आज 15 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और अपना संबोधन देंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘विकसित भारत @2047’ रखा गया है। इस थीम का उद्वेश्य 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी तक भारत को विकसित देश में बदलने की दिशा में सरकार की कोशिशों को आगे बढ़ाना है।
6000 गेस्ट किए गए आमंत्रित
आज स्वतंत्रता दिवस के समारोह में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 6000 स्पेशल गेस्ट आमंत्रित किए गए हैं। इसमें मेरा युवा भारत के वॉलंटियर्स, आदिवासी समुदाय के लोग, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और अटल इनोवेशन मिशन से जुड़े लोगों को मुख्य रूप से आमंत्रित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों से पारंपरिक पोशाक पहने लगभग 2000 लोगों को भी इस समारोह में आमंत्रित किया गया है।
पीएम मोदी को दिया जाएगा गॉर्ड ऑफ ऑनर
लाल किले पर पहुंचने पर पीएम मोदी का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा सचिव सहित अन्य प्रमुख लोगों के द्वारा स्वागत किया जाएगा। इस दौरान सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के कर्मियों के द्वारा उनका गॉर्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया जाएगा। प्रधानमंत्री इसका निरीक्षण करेंगे।
दी जाएगी 21 तोपों की सलामी
पीएम मोदी जब झंडा फहराने के लिए प्राचीर की तरफ जब बढ़ेंगे तब स्वदेशी 105 MM लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। वहीं राष्ट्रीय ध्वज गार्ड तिरंगे को फहराये जाने पर राष्ट्रीय सलामी देंगे जिसमें सशस्त्र बलों और दिल्ली पुलिस के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
हेलिकॉप्टरों से बरसाए जाएंगे फूल
वहीं जैसे पीएम मोदी झंडा फहराएंगे, वैसे ही स्वदेशी हेलिकॉप्टरों से फूलों की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। इसके बाद भारतीय वायु सेना के द्वारा हवाई प्रदर्शन किया जाएगा। जिसे भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अंजाम देंगे। इस मौके पर पीएम मोदी अगले दशकों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की रूपरेखा पेश कर सकते हैं। इसके अलावा पीएम मोदी अन्य महत्वपूर्ण ऐलान भी कर सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




