नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें शालीमार गार्डन क्षेत्र में हिंदू रक्षा दल के लोगों द्वारा हथियार बांटने और शक्ति प्रदर्शन करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया। इस मामले में अब तक दो और गिरफ्तारियां हुई हैं, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी शामिल हैं। इससे पहले इस मामले में 10 अन्य आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका था।
”कोई बहन या बेटी पर बुरी नजर डाले तो इसका प्रयोग करें”
पुलिस के अनुसार, घटना कुछ दिन पहले हुई थी, जब हिंदू रक्षा दल के सदस्यों ने स्थानीय लोगों को तलवारें बांटी और कहा कि जिहादियों से सुरक्षा के लिए इन्हें अपने घर में रखें, और अगर कोई बहन या बेटी पर बुरी नजर डाले तो इसका प्रयोग करें। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
सामूहिक हिंसा या हथियार वितरण को रोकने के लिए की गई है कार्यवाई
शालीमार गार्डन पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संगठन के प्रमुख और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं। पुलिस की क्राइम टीम और जांच अधिकारी अब पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसने क्या भूमिका निभाई। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के सामूहिक हिंसा या हथियार वितरण को रोकने के लिए की गई है।
अब तक कुल 12 आरोपियों को हिरासत में लिया
इस घटना पर राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तलवारें बांटी जा रही हैं, एक समाज को हिंसा के लिए भड़काया जा रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर स्थिति को नजरअंदाज कर रही है। उनका कहना है कि राज्य सरकार को कानून व्यवस्था को मज़बूत करने और समाज में शांति बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।
पुलिस ने बताया कि अब तक कुल 12 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि न केवल हथियार बांटने वालों, बल्कि उनके पीछे के अन्य संगठनों और लोगों की भी पहचान की जाएगी। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाने को दें, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




