नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हाथरस हादसे के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसपर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के नजफगढ़-उत्तम नगर के बीच एक अस्पताल में हाथरस पुलिस पहुंची थी, जहां देव प्रकाश ने उनके सामने सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हाथरस लेकर आई। आज देव मधुकर की हाथरस कोर्ट में पेशी होगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
2 जुलाई को भगदड़ में 121 लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि हाथरस में 2 जुलाई को एक सत्संग में भगदड़ मच गई। जिसमें 121 लोगों की जान चली गई। इस मामले को लेकर पुलिस ने प्रवचनकर्ता बाबा सूरजपाल के सेवादारों और सत्संग आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में 6 लोगों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। लेकिन मुख्य अभियुक्त देव प्रकाश मधुकर फरार था। अब पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
बाबा का खास चेला है देवप्रकाश मधुकर
देव प्रकाश मधुकर हाथरस सत्संग का मुख्य आयोजनकर्ता था। बाबा के खास लोगों में उसकी गिनती होती है। हादसे के बाद मधुकर बाबा को फोन करके पल-पल की सूचना दे रहा था। वो पहले जूनियर इंजीनियर था, लेकिन बाद में बाबा सूरजपाल का बड़ा भक्त बन गया। बाबा के विभिन्न कार्यक्रमों का मुख्य आयोजनकर्ता यहीं रहता था। इसे बाबा का सबसे विश्वासपात्र सेवक कहा जाता है। अब पुलिस देवप्रकाश मधुकर से पूछताछ कर रही है।
जांच के लिए SIT का किया गया गठन
हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी का गठन कर हादसे की जांच करने के निर्देश दिए थे। इस एसआईटी का आगरा जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ नेतृत्व कर रहे हैं। इस हादसे को लेकर SIT एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है। इस मामले में अबतक 90 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बताया है कि जैसे-जैसे और सबूत सामने आते जाएंगे जांच के दायरे को बढ़ाया जाएगा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




